T-20 वर्ल्ड कप से पहले विराट-रोहित की खराब फॉर्म पर सौरव गांगुली ने दिया ये बड़ा बयान...

Posted On:- 2022-05-16



मुंबई (वीएनएस)। ऑस्ट्रेलिया में होने वाले आगामी टी20 वर्ल्ड कप से पहले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाजों विराट कोहली (Virat Kohli) और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की खराब फॉर्म फैंस के साथ साथ बीसीसीआई (BCCI) के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गई है।सीजन 15 में दोनों ही खिलाड़ी लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं।

आईपीएल के बाद इसी साल भारत को टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) भी खेलना है, ऐसे में टीम के दो बड़े बल्लेबाजों का खराब फॉर्म मैनेजमेंट की चिंता बढ़ाने का काम कर रहा है। इन सब के बीच बीसीसीआई (BCCI) अध्यक्ष सौरव गांगुली ने विराट-रोहित के प्रदर्शन पर बड़ा बयान दिया है। गांगुली ने कहा कि वे इन दोनों प्लेयर्स की फॉर्म से चिंतित नहीं हैं।

मिड-डे से बातचीत में गांगुली ने कहा, 'मैं विराट-रोहित के फॉर्म को लेकर बिल्कुल भी चिंता नहीं कर रहा हूं। वे बहुत ही अच्छे खिलाड़ी हैं और काफी बड़े प्लेयर्स हैं। टी20 वर्ल्ड कप अभी काफी दूर है और मुझे पूरा विश्वास है कि वे टूर्नामेंट से काफी पहले ये प्लेयर अपनी खोई फॉर्म हासिल कर लेंगे।' टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत में ही 5 टी20 की सीरीज खेलनी है और फिर आयरलैंड और इंग्लैंड का दौरा करना है।

IPL 2022 में विराट कोहली का प्रदर्शन : इसमें कोई दोराय नहीं है कि विराट कोहली वर्ल्ड क्रिकेट के बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक है। लेकिन IPL 2022 के पूरे सीजन में कोहली का बल्ला एकदम शांत रहा है। वो अपने करियर के सबसे खराब दौर से गजुर रहे है। एक दो पारी को छोड़ दे तो उनके बल्ले से रन बिल्कुल भी नहीं निकले है। कोहली रन बनाने के लिए जूझते दिखे। IPL 2022 की बात करे तो अभी तक उन्होंने 13 मैचों में 19.67 की औसत और 113.46 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 236 रन ही बनाए हैं। यहीं नहीं इस सीजन विराट कोहली तीन बार डक पर भी आउट हुए हैं और सिर्फ 1 अर्धशतक जड़ा है। बता दें कि आईपीएल 2008 के बाद से ये पहला मौका है जब विराट कोहली का आईपीएल में औसत 20 से कम है, और उनका बल्ला नहीं चला है।

रोहित शर्मा भी दिखे आउट ऑफ़ फॉर्म : भारतीय टीम और मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा का प्रदर्शन कोहली से भी खराब रहा . और यही वजह है इस बार IPL में सबसे पहले बाहर होने वाली टीम मुंबई इंडियंस बनी। इस सीजन में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने 12 मैचों में 18.17 की औसत और 125.29 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 218 रन ही बना सके हैं।