बॉलीवुड के महानायक को लोगों ने सोशल मीडिया पर किया ट्रोल...

Posted On:- 2022-05-16



मुंबई (वीएनएस)। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वे अपनी जिंदगी से जुड़ी हर छोटी बड़ी चीजें सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं। हालांकि कई बार अमिताभ बच्चन को अपने सोशल मीडिया पोस्ट के चलते ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ता है, लेकिन इसका जवाब भी वो बेबाकी से देते हैं।

हाल ही में अभिनेता के साथ कुछ ऐसा हुआ कि लोग उन्हें ट्रोल ही करने लगे। दिग्गज एक्टर को लोगों ने उनके एक ट्वीट के कारण ट्रोल कर दिया। कारण था उन्होंने सुबह 11:26 बजे सभी को सुबह की बहुत-बहुत शुभकामनाएं दीं। अमिताभ को सुबह 11:26 बजे पोस्ट डालने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने ट्रोल कर दिया है। देर से उठने पर ट्रोलर्स ने उन पर कटाक्ष किया। हालांकि बिग-बी ने ऐसी कई टिप्पणियों का व्यक्तिगत रूप से जवाब दिया और खुलासा किया कि वह पूरी रात काम कर रहे थे।

एक यूजर ने लिखा, 'आपको नहीं लगता है कि बहुत जल्दी आपने गुड मॉर्निंग विश कर दिया है।'

रिप्लाई करते हुए लिखा, 'तंज के लिए आभारी हूं। लेकिन देर रात तक काम कर रहा था, शूटिंग आज सुबह समाप्त हुई। सोकर उठने में देर हुई तो उठते ही विश किया। यदि आपको कष्ट हुआ तो क्षमा प्रार्थी हूं।' दूसरे ने लिखा, 'ओ बुढ़ऊ 12 बज रहा है और अभी शुभप्रभात कह रहे हो।' इस पर अमिताभ बच्चन ने लिखा, 'कहने दीजिए, सत्य तो कह रहा है। मैं देश में हूं और रातभर काम कर रहा था इसलिए देर से उठा।' एक ने बदतमीजी से बात की और लिखा, 'अबे बुड्ढे दोपहर हो गई।' जिसके जवाब में अमिताभ ने लिखा- मैं दुआ करूंगा कि आपको लंबी उम्र मिले लेकिन कोई भी बुढ्ढा कहकर आपका अपमान न करें।' एक अन्य ने लिखा, "आज बहुत देर में उतरी, लगता है देसी पी कर आ गए हैं। आजकल 11:30 बजे प्रात:काल हो रही है।" बिग बी ने जवाब में लिखा कि वह खुद नहीं पीते हैं, हालांकि वे इससे दूसरों को एंटरटेन करते हैं।

वहीं अगर एक्टर के काम को लेकर बात करें तो, अमिताभ अगली बार अयान मुखर्जी निर्देशित 'ब्रह्मास्त्र' में दिखाई देंगे, जिसमें रणबीर कपूर और आलिया भट्ट, मौनी रॉय और तेलुगु सुपरस्टार नागार्जुन अक्किनेनी भी हैं।