प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 5जी टेस्ट बेड की शुरूआत की

Posted On:- 2022-05-17



नई दिल्ली (वीएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सरकार ने पिछले आठ वर्षों में विस्‍तार, सुधार, विनियमन, जवाबदेही और क्रांति लाने के पंचामृत के साथ दूरसंचार क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार किया है। श्री मोदी ने नई दिल्‍ली में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण-ट्राई के रजत जयन्‍ती समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि देश का दूरसंचार क्षेत्र आत्मनिर्भरता का एक ऐसा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी 21वीं सदी में देश की विकास की गति तय करेगी ।

इस अवसर पर श्री मोदी ने 5 जी टेस्‍ट बैड का शुभारम्‍भ किया और कहा कि स्‍वदेश में निर्मित यह टेस्‍ट बैड दूरसंचार के क्षेत्र में भारत को आत्‍मनिर्भर बनाने में महत्‍वपूर्ण कदम है। उन्‍होंने कहा कि देश की आधुनिकता की दिशा में 5-जी प्रौद्योगिकी स्टार्टअप्स के लिए अपने उत्पादों को विकसित करने और परीक्षण करने का एक बड़ा अवसर है। श्री मोदी ने कहा कि 5जी दूरसंचार प्रोदयोगिकी आने वाले डेढ दशक में भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था में 450 अरब डॉलर का योगदान करेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 5जी प्रौदयोगिकी शासन के काम में सुधार, लोगों के जीवन को सुगम बनाने और व्यापार को आसान बनाने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि 2जी से निकलकर देश तेजी से 3जी से 4जी के दौर में आया और अब 5जी की ओर बढ़ गया है तथा इस दशक के अंत तक 6जी प्रोदयोगिकी को शुरू करने में कामयाब होगा। इसके लिए कार्यबल ने काम करना शुरू कर दिया है।

श्री मोदी ने कहा कि सरकार ने एक स्‍वस्‍थ प्रतिस्‍पर्धा को बढावा दिया है जिसकी वजह से भारत में डाटा शुल्‍क दरें सबसे सस्‍ती हैं। इस अवसर पर संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौदयोगिकी मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा कि देश ने 4G को विकसित करने का चरण पूरा कर लिया है, जबकि 5G प्रौद्योगिकी उन्नत चरण में है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस साल के अंत स्वदेशी 5जी प्रौद्योगिकी पूरी तरह लागू कर दी जायेगी।

सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ एल मुरुगन ने कहा कि ट्राई ने दूरसंचार और प्रसारण क्षेत्र के सेवा प्रदाताओं और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए लगातार काम किया है। डॉ मुरुगन ने कहा कि ट्राई आधुनिक भारतीय डिजिटल विनियमन का एक प्रमुख सूत्रधार है और डिजिटल इंडिया मिशन ने लाखों देशवासियों के जीवन को बदल दिया है।