मुंबई (वीएनएस)। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि आने वाले वर्षों में भारत न केवल देश में उपयोग के लिए पोत का निर्माण करेगा बल्कि पूरी दुनिया की मांग को भी पूरा करेगा।
आज मुंबई में स्वदेश निर्मित नौसैनिक जहाजों-आई.एन.एस. सूरत और आई.एन.एस. उदयगिरि के जलावतरण कार्यक्रम में श्री सिंह ने नौसेना युद्ध आधारित प्रौद्योगिकियों के विकास में कई शताब्दियों की विशेषज्ञता में देश के लंबे इतिहास को याद किया।रक्षा मंत्री ने कहा कि दो-तिहाई तेल व्यापार, एक-तिहाई कार्गो और भारत-प्रशांत क्षेत्र में आधे से अधिक कंटेनर ट्रैफिक सहित अधिकांश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार समुद्री मार्ग से किया जाता है। श्री सिंह ने कहा कि इस क्षेत्र में सुरक्षित वातावरण और एक महत्वपूर्ण हितधारक होने के नाते भारत की जिम्मेदारी है कि वह इसमें अपना भी योगदान करे जो एक मजबूत नौसैनिक अड्डे के निर्माण से ही संभव हो सकता है।
श्री सिंह ने कहा कि भारतीय नौसेना अपने अनुसंधान और विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम कर रही है, जिसके कारण यूएसइंडोपाकॉम ने भारतीय नौसेना के साथ काम करने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि हिंद-प्रशांत और हिंद महासागर क्षेत्रों में अनिश्चितता की स्थिति को देखते हुए, भारतीय नौसेना की भूमिका अधिक महत्वपूर्ण होने जा रही है।उन्होंने कहा कि भारत एक मजबूत, समृद्ध राष्ट्र के रूप में विकसित हो रहा है और एक वैश्विक शक्ति बनने की राह में है। आई.एन.एस. सूरत प्रोजेक्ट 15बी में चौथा विध्वंसक है जिसका नाम पश्चिमी भारत के दूसरे सबसे बड़े वाणिज्यिक केंद्र के नाम पर रखा गया है। जबकि आई.एन.एस. उदयगिरि प्रोजेक्ट 17ए फ्रिगेट्स के तहत तीसरा जहाज है, जिसका नाम आंध्र प्रदेश में पर्वत श्रृंखलाओं के नाम पर रखा गया है।