नई दिल्ली (वीएनएस)। केंद्रीय शिक्षा और कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भारतीय ज्ञान प्रणालियों का परिचय: अवधारणाएं और अमल पर एक पाठ्यपुस्तक का विमोचन किया। सुभाष सरकार, शिक्षा राज्य मंत्री; के. संजय मूर्ति, सचिव, उच्च शिक्षा; ए.डी. सहस्रबुद्धे, एआईसीटीई अध्यक्ष; और एआईसीटीई, आईकेएस प्रभाग एवं शिक्षा मंत्रालय के प्रतिनिधियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
धर्मेंद्र प्रधान ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि लेखकों ने इस पुस्तक में भारतीय ज्ञान प्रणाली को एक अकादमिक स्वरूप प्रदान किया है। श्री प्रधान ने वैश्विक स्तर पर भारतीय ज्ञान, संस्कृति, दर्शन और आध्यात्मिकता के व्यापक प्रभाव के बारे में बताया। उन्होंने प्राचीन भारतीय सभ्यता के बारे में बताया और इसके साथ ही यह भी जानकारी दी कि आखिकार किस तरह से इसने पूरी दुनिया को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया है।
वेदों, उपनिषदों और अन्य भारतीय ग्रंथों के बारे में उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी प्राचीन विरासत अद्भभुत कृतियों से भरी हुई है जिसे संरक्षित, प्रलेखित और प्रचार-प्रसार करने की नितांत आवश्यकता है। उन्होंने प्राचीन भारत की विज्ञान आधारित प्रथाओं और ज्ञान के विभिन्न उदाहरणों के बारे में भी बताया, जिन्हें हम आज भी आधुनिक दुनिया में प्रासंगिक पा सकते हैं।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय शिक्षा प्रणाली में वैकल्पिक ज्ञान प्रणालियों, दर्शन और परिप्रेक्ष्य को प्रतिबिंबित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वैसे तो हम अपने प्राचीन अतीत की अच्छी चीजों को अपनाते हैं, लेकिन इसके साथ ही हमें अपने समाज में निहित समस्याओं के प्रति भी सचेत रहना चाहिए और एक ऐसे भविष्य का निर्माण करना चाहिए जो प्राचीन अतीत के विशिष्ट ज्ञान व समकालीन मुद्दों के बीच उचित सामंजस्य सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि समस्त दुनिया की अनगिनत समस्याओं का समाधान भारतीय ज्ञान प्रणाली में निहित है।