धमतरी (वीएनएस)। पुलिस मुख्यालय ने जारी आदेश के तहत जिले से लगभग 13 निरीक्षकों का तबादला हुआ है। सभी यहां से अपने नए स्थान पर जाकर आमद दे चुके हैं। किन्तु यहां स्थानांतरित सभी नए निरीक्षक अब तक धमतरी नहीं आए हैं। जिन थानों के प्रभारी यहां से जा चुके हैं उन थानों में अब तक निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को नहीं भेजा गया है। जिसकी वजह से प्रभारी के भरोसे थाना चल रहे हैं। कई जगह तो सिर्फ एएसआई के ही भरोसे थाना संचालित है। ऐसे में बड़े घटनाक्रम होने से परेशानी हो सकती है।
निरंतर प्रक्रिया के तहत पुलिस मुख्यालय ने जारी आदेश के तहत धमतरी जिले से 13 निरीक्षकों का तबादला हो चुका है। उनके बदले 7 निरीक्षक धमतरी आएंगे लेकिन अब तक इनमें से कोई नहीं आए हैं। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर अब तक पदभार ग्रहण करने के बाद एक भी बार भी थानों में फेरबदल की बड़ी सर्जरी नहीं कर पाए हैं, जिसका लोगों को इंतजार है। भखारा, कुरूद, नगरी, केरेगांव जैसे थाना के निरीक्षक जा चुके हैं। उन जगहों पर एसआई, एएसआई को प्रभार दिया गया है। कुरूद में उमेंद्र टंडन के जाने के बाद सब इंस्पेक्टर नरसिंह ध्रुव को प्रभार दिया गया है। भखारा में संतोष जैन के जाने के बाद तो कोई भी सब इंस्पेक्टर नहीं होने की स्थिति में एएसआई तुलसी मिथलेश ही थाना संभाल रहे हैं। केरेगांव में आर एस सेंगर के सेवानिवृत्त होने के बाद निरीक्षक पद खाली है।
इसी तरह नगरी संवेदनशील होने के बावजूद वहां पर निरीक्षक नहीं भेजा गया है। इंस्पेक्टर कोमल नेताम के तबादला के बाद एएसआई एनआर साहू को प्रभार दिया गया है। साइबर सेल को सब इंस्पेक्टर नरेश बंजारे संभाल रहे हैं। बिरेझर चौकी में शांता लकड़ा भी जा चुकी हैं। लोगों को एसपी से जल्दी फेरबदल की उम्मीद है। ताकि सभी थानों में निरीक्षक कमान संभाल सके और संबंधित थाना क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर ध्यान दिया जा सके।