गर्भवती, बुजुर्ग और बच्चों के लिए जिला अस्पताल में बना अलग काउंटर

Posted On:- 2022-05-17



धमतरी (वीएनएस)। जिला अस्पताल में पर्ची काउंटर में भीड़ को देखते हुए कलेक्टर के आदेश पर तीसरा काउंटर बनाया गया है। जिसे विशेष रूप से दिव्यांग, गर्भवती महिला, बुजुर्ग और बच्चों के लिए सुरक्षित किया गया है। इससे इन लोगों को परेशानी से निजात मिलेगी। धमतरी जिला अस्पताल में न सिर्फ धमतरी बल्कि आसपास के जिलों के भी मरीज बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। कभी-कभी तो पर्ची काउंटर में लंबी कतार नजर आती है। पिछले दिनों कलेक्टर पीएस एल्मा जब निरीक्षण में पहुंचे थे तो देखा कि बुजुर्ग व महिलाएं भी भीड़ में खड़ी हुई है जिसे देखते ही उन्होंने तत्काल आदेश दिया कि ऐसे लोगों के लिए तीसरा पर्ची काउंटर खोला जाए। जिसे अमल में लाते हुए अस्पताल प्रबंधन ने पुरुष महिला काउंटर के बाजू में एक तीसरा काउंटर तैयार किया है। सिविल सर्जन डॉ. यूएल कौशिक ने बताया कि कलेक्टर के आदेश पर तीसरा पर्ची काउंटर बनाया गया है जो गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों के लिए रखा गया है। अब वे आसानी से पर्ची बना सकते हैं।