नई दिल्ली (वीएनएस)। अक्सर लोग सड़क पर ट्रैफिक देखकर यही कहते हैं कि अब हर किसी के पास कार और बाइक आ गई है, लेकिन ऐसा नहीं है। आंकड़े बताते हैं कि भारत में 140 करोड़ की आबादी में केवल 7.5% परिवारों के पास ही कार है। ये आंकड़े 2019-2020 में किए गए नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे-5 के हैं। इसके पहले 2018 में केवल छह फीसदी परिवारों के पास ही कार थी। आंकड़ों के अनुसार गोवा में 45 फीसदी परिवार के पास कार है, वहीं देखा जाए तो बिहार में सबसे कम 2 फीसदी परिवार के पास कार हैं। राजधानी दिल्ली में रहने वाले 19.4 फीसदी परिवारों के पास अपनी खुद की कार है। हरियाणा में 15.3 फीसदी, राजस्थान में 8.2 फीसदी, गुजरात में 10.9 फीसदी, महाराष्ट्र में 8.7 फीसदी, उत्तराखंड में 12.7 फीसदी परिवारों के पास कार है।
टॉप-10 राज्य जहां रहने वाले परिवारों के पास सबसे ज्यादा कार?
| राज्य | कितने परिवारों के पास कार? |
| गोवा | 45.2% |
| केरल | 24.2% |
| जम्मू कश्मीर (लद्दाख के साथ) | 23.7% |
| हिमाचल प्रदेश | 21.1% |
| पंजाब | 21.9% |
| नगालैंड | 21.3% |
| सिक्किम | 20.9% |
| अरुणाचल प्रदेश | 19.3% |
| मणिपुर | 17% |
| मिजोरम | 15.5% |
| राज्य | कितने परिवारों के पास कार? |
| बिहार | 2.0% |
| ओडिशा | 2.7% |
| पश्चिम बंगाल | 2.8% |
| आंध्र प्रदेश | 2.8% |
| झारखंड | 4.1% |
| छत्तीसगढ़ | 4.3% |
| त्रिपुरा | 4.6% |
| तेलंगाना | 5.2% |
| मध्य प्रदेश | 5.3% |
| उत्तर प्रदेश | 5.5% |
देश में करीब 49.7 फीसदी परिवार के पास अपना खुद का दो पहिया वाहन है। अगर थोड़ा और आसानी से समझा जाए तो देश में रहने वाले 25 करोड़ परिवार में 12 करोड़ से ज्यादा परिवार के पास बाइक या दो पहिया वाहन हैं। सबसे ज्यादा गोवा के 86.7 फीसदी परिवार ऐसे हैं जिनके पास दो पहिया वाहन है। दूसरे नंबर पर पंजाब है। यहां के 75.6 फीसदी परिवार ऐसे हैं जिनके पास कोई न कोई दो पहिया वाहन जरूर है।
राजस्थान में रहने वाले 66.4%, तमिलनाडु में 63.9%, हरियाणा में 63.3% और गुजरात में 61.1% परिवार बाइक या कोई दो पहिया वाहन के मालिक हैं। उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां 51.1% परिवार बाइक के मालिक हैं इसके अलावा उत्तराखंड के 46.1%, दिल्ली के 53.1%, हिमाचल प्रदेश के 32.3%, बिहार के 27.2% मध्य प्रदेश के 51.5% परिवार दो पहिया वाहन के मालिक हैं।
साइकिल चलाने वालों को देखें तो सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल में 78.9% परिवार ऐसे हैं जिनके पास साइकिल है। दूसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश में 75.6%, ओडिशा में 72.5%, छत्तीसगढ़ में 70.8%, असम में 70.3% परिवार साइकिल चलाते हैं।
जिन राज्यों में रहने वाले परिवार के पास सबसे कम साइकिल है, उनमें नगालैंड सबसे आगे है। यहां केवल 5.5% परिवार ऐसे है जिनके पास साइकिल है। दूसरे नंबर पर सिक्किम में 5.9%, मिजोरम में 9.3%, हिमाचल प्रदेश में 12.7% जम्मू कश्मीर में 18.3%, मेघालय में 18.4% परिवार साइकिल से चलते हैं। वहीं, देश के बड़े राज्यों में शुमार राजस्थान में 32.2%, महाराष्ट्र में 29.3%, गुजरात में 29.9%, राजधानी दिल्ली में 27.2%, पंजाब में 67.8%, मध्य प्रदेश में 45.1% परिवार साइकिल चलाते हैं।