सूरजपुर (वीएनएस)। 1 मई श्रमिक दिवस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्रम विभाग अन्तर्गत छत्तीसगढ़ भवन और अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की ओर से पंजीकृत हितग्राहियों के लिए नवीन योजना मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना लागू करने की घोषणा की गई, जिसमें ऐसे हितग्राही जो कम से कम 03 वर्ष से निर्माण श्रमिक के रूप में मंडल अंतर्गत पंजीकृत हो व 59 वर्ष से 60 वर्ष तक आयु वाले पात्र श्रमिकों को 10 हजार रुपए से लाभान्वित किया जाएगा।
उक्त योजना के तहत आवेदन केवल आॅनलाइन के माध्यम से स्वीकार किया जाएगा, जिसमें आवेदक स्वयं, च्वाईस सेंटर अथवा श्रम कार्यालय के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकता है, साथ ही निर्माण श्रमिक ई-रिक्शा सहायता योजना अंतर्गत मंडल की ओर से दिए जा रहे 50 हजार रुपए अनुदान को बढ़ाकर एक लाख रुपए कर दिया गया है, उक्त योजनान्तर्गत आवेदन बैंक से ऋण स्वीकृति के 90 दिवस के भीतर प्रस्तुत करना होगा।
मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की पुत्री की न्यूनतम आयु 18 वर्ष हो तथा अधिकतम 21 वर्ष से अधिक न हो तथा वह अविवाहित हो, ऐसे हितग्राही को 20 हजार रुपए से लाभान्वित किया जाएगा व हितग्राही की ओर से पंजीयन की तिथि से न्यूनतम एक वर्ष की अवधि पूरी होने के पश्चात तथा अविवाहित पुत्री की आयु न्यूनतम 18 वर्ष व अधिकतम 21 वर्ष पूर्ण होने की तिथि के भीतर प्रस्तुत की जाएगी। भगिनी प्रसूति सहायता योजना के अंतर्गत आंशिक संशोधन करते हुए योजना का नाम मिनीमाता महतारी जतन योजना कर दिया गया है।