1971 लोंगेवाला युद्ध के नायक कर्नल धर्मवीर सिंह का निधन

Posted On:- 2022-05-18



गुरुग्राम (वीएनएस)। 1971 में भारत पाकिस्तान के बीच छिड़ी जंग में लोंगेवाला युद्ध के नायक कर्नल धर्मवीर सिंह नहीं रहे। उन्होंने सोमवार को गुरुग्राम के डीएलएफ में अपने निवास पर अंतिम सांस ली। कर्नल धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में भारतीय सेना की छोटी सी टुकड़ी ने पाकिस्तानी सेना के छक्के छुड़ा दिए थे। उस समय धर्मवीर सिंह लेफ्टिनेंट के रूप में जैसलमेर स्थित लोंगेवाला पोस्ट पर तैनात थे। 1971 के भारत पाकिस्तान के बीच युद्ध पर देशभक्ति पर आधारित एक फिल्म बार्डर भी बनाई गई है। फिल्म में भी धर्मवीर सिंह का जिक्र किया गया है। सेना के जयपुर स्थित कार्यालय के जनसंपर्क अधिकारी ने कर्नल धर्मवीर सिंह के निधन की जानकारी दी है। वह कई दिनों से बीमार चल रहे थे। कर्नल धर्मवीर सिंह ने 1992 से 94 तक 23वीं पंजाब बटालियन की कमान संभाली। 1971 में भारत पाकिस्तान का युद्ध छिड़ा तो लोंगेवाला पोस्ट पर रात करीब 12 बजे पाकिस्तानी सैनिकों ने 65 टैंकों के साथ हमला बोल दिया था। उस समय लोंगेवाला पोस्ट पर लेफ्टिनेंट धर्मवीर के नेतृत्व में भारतीय सेना की छोटी सी टुकड़ी तैनात थी। भारतीय सैनिकों ने मां भारती की रक्षा के लिए पाकिस्तानी सैनिकों और उनके टैंकों का डटकर मुकाबला किया। पाकिस्तानी सेना ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर हमला बोला था। सेना ने पाकिस्तानी सेना के पूरे लाव लश्कर को नेस्तनाबूद कर दिया था। रही सही कसर सुबह भारतीय वायु सेना के जवानों ने पूरी कर दी थी। अदम्य पराक्रम के लिए मिला था मेंशन इन डिस्पैच सम्मान संख्या में पाकिस्तानी सेना से कम होने के बाद भी कर्नल धर्मवीर के पराक्रम और जोश के आगे पाकिस्तानी सेना ने हार मान ली थी। कर्नल धर्मवीर को उनके बहादुरी के लिए मेंशन इन डिस्पैच सम्मान से भी से भी सम्मानित किया गया था। कर्नल धर्मवीर के इस अटूट पराक्रम ने आने वाली कई पीढ़ी को देश के लिए सेवा करने की प्रेरणा दी। आज भी युवा पीढ़ी कर्नल धर्मवीर को अपना आदर्श मानता हैं।