मंडप सजाने के नाम पर हर वर्ष लाखों साल पेड़ों की दी जा रही बलि

Posted On:- 2022-05-18



अंबिकापुर (वीएनएस)। आदिवासी बाहुल्य सरगुजा संभाग में हर वर्ष शादी के मंडप सजाने लाखों साल पेड़ों की बलि दी जाती रही है यदि ऐसा ही हाल रहा तो धीरे–धीरे आने वाले वर्षों में साल पेड़ों की केवल कहानी ही बनकर रह जाएगी कि सरगुजा में साल पेड़ों की भरमार हुआ करता था।

बीते दो सालों में कोरोना संक्रमण के खौफ से शादी ब्याह  पर सख्त पहरा लगा रहा अब कोरोना संक्रमण का डर खत्म होते ही शादी ब्याह का आयोजन खुल कर होने लगा है । ऐसे में मंडप सजाने के नाम पर असंख्य साल पेड़ों की बलि दी जा रही है। इन दिनों गांव के गांव कस्बों शहरों में जम कर शादी विवाह की रस्म अदा की जारही है।

बेरहमी से कटते नवजात साल पेड़ों के आह से जंगल के जंगल दहलने लगा है। ऐसा महसूस होता है कि वन विभाग के मूक सहमति से पेड़ काटे जा रहे हैं। जहां एक तरफ शासन प्रशासन पेड़ लगाकर पर्यावरण हिफाजत करने की बात करती है वहीं दूसरी तरफ पेड़ों की अंधाधुंध कटाई से जंगल के जंगल उजड़ने लगें हैं। वन खंडों के हरियाली सुंदरता सघनता को ग्रहण लगता जा रहा है।

यदि शादी में साल पेड़ों से मंडप सजाने की दस्तूर है तो एक पेड़ से भी मंडप सजाये जा सकतें हैं। ऐसी नियम बनाते हुए शासन प्रशासन स्तर से लोगों को जागरूक करने पहल होनी चाहिए। जंगलों को सहेज कर रखने सलाह दिये जाने की जरूरत है। ताकि आने वाले पीढ़ी को हरे-भरे जंगलों एवं शुद्ध पर्यावरण का उपहार मिल सके। क्षेत्र वासियों का मानना है कि विभागीय गैर जिम्मेदारी के वजह से पेड़ काटे जा रहे हैं।

वन अमले को सचेत करने व सजग रखने के लिए शीर्ष के आला अधिकारियों को सोच बनानी चाहिए ताकि मातहत कर्मचारी अपने फर्ज को बखूबी अंजाम दे सकें। कुछ वृक्ष मित्रों का मानना है कि यदि इस तरह का सोच बनाया जाये तो जंगलों को तबाह होने से बचाया जा सकता है।