राजनांदगांव (वीएनएस)। छुरिया जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायतों में करोड़ों रुपए के काम कराए गए हैं, पर भुगतान नहीं होने की वजह से 118 गांव के सरपंच कर्ज में डूब गए हैं। सरपंचों ने खुज्जी विधायक श्रीमती छन्नी चंदू साहू को पत्र ज्ञापन सौंपकर बताया कि राज्य सरकार की नरवा गरवा घुरवा बाड़ी इला बचाना है संगवारी योजना के तहत ग्राम विकास कराए गए। जिसमें गौठान निर्माण महिला सेड बकरी सेड कचरा संग्रहण केंद्र नाली निर्माण सहित अन्य विभिन्न कार्य कराए गए हैं धान चबूतरा से लेकर के आंगनवाड़ी केंद्र मुक्तिधाम का कार्य कराया गया तथा इन सभी नवीन निर्माण कार्यों के उपरांत संचालन भी प्रारंभ हो चुका है और इन कार्यों के लिए कर्ज से मटेरियल मंगाए गए पर जनपद के कुछ अफसरों और कर्मचारियों की लापरवाही के चलते जनपद पंचायत छुरिया का भुगतान राशि आप्राप्त है। पूरे छत्तीसगढ़ का राशि भुगतान प्राप्त हो चुका है मात्र जनपद पंचायत छुरिया का ही राशि आप्राप्त है।
सरपंच संघ अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू ने बताया कि आर्थिक तंगी के चलते अब दूसरे नवीन कार्य किया जाना संभव नहीं है इस समस्या को लेकर विधायक, जिला पंचायत सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सीईओ, जनपद अध्यक्ष, जनपद पंचायत सदस्य तक शिकायत कर चुके हैं पर अब तक कोई निराकरण नहीं हो पाया है। जबकि सरपंच कर्ज में डूबे हुए हैं और मानसिक रूप से परेशान चल रहे हैं मटेरियल सप्लायर को राशि भुगतान नहीं हो पा रहा है जिससे दुकानदारों एवं सरपंचों में काफी मतभेद उत्पन्न हो रही है जिसका सिर्फ और सिर्फ जिम्मेदार मनरेगा राशि भुगतान है। जनपद में जानकारी लेने पर पता चल रहा है कि कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही से भुगतान नहीं हो पता है। किंतु उन अधिकारियों पर आज तक किसी प्रकार से कार्यवाही नहीं किया गया। इसलिए तय किया गया है कि 25 मई तक भुगतान नहीं किया गया व लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो सभी सरपंच हड़ताल की ओर मुख करेंगे और मजबूर होकर जनपद पंचायत छुरिया के सामने हड़ताल पर बैठेंगे।