ऊर्जाधानी संगठन ने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Posted On:- 2022-05-18



कोरबा (वीएनएस)। दीपका के ऊर्जाधानी भुविस्थापित किसान कल्याण समिति ने आमगांव के लंबित बसाहट, रोजगार और मुआवजा का तत्काल निराकरण करने की मांग करते हुए पाली एसडीएम, गेवरा व दीपका मुख्य महाप्रबन्धको को सम्बंधित ज्ञापन सौंपा है और लेटलतीफी करने पर शांतिपूर्वक चल रहे आंदोलन को  उग्र करने की चेतावनी दी है ।

ऊर्जाधानी संगठन के अध्यक्ष सपूरन कुलदीप ने बताया है कि वर्ष 2004 और 2010 में दो चरणों मे ग्राम आमगांव और आश्रित मुहल्ला जोकाही डबरी  का अर्जन किया गया था । किंतु लगभग 20 साल गुजर जाने के बावजूद रोजगार, बसाहट और मुआवजा लटकाकर रखा गया है। एसईसीएल और राजस्व विभाग एक दूसरे पर ठीकरा फोड़कर बचने की कोशिश करते रहे हैं जबकि सभी स्तर के हर बैठकों में समाधान का झुनझुना थमाया जा रहा है। नियमो का हवाला देकर पात्र और अपात्र बताकर ग्रामीणों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भूमि अर्जन गेवरा क्षेत्र के कोयला उत्खनन के लिए किया गया था और अब उक्त स्थल को दीपका क्षेत्र को हस्तान्तरित कर दिया गया है ।

आमगांव के सरपंच बृजकुँवर ने बताया कि  आमगांव के लिए नेहरू नगर बतारी में बसाहट स्थल निर्धारित किया गया है जहां पर बड़े झाड़ के जंगल है जिसके कटाई और समतलीकरण करने  वन विभाग में अनुमति के लिए 5 वर्षो से लम्बित होना बताया जा रहा है।

इसी तरह से जोकाही डबरी के 100 लोंगो के मुआवजा के फाइल को जानबूझकर लटका कर रखा गया है कुछ लोंगो की रोजगार के प्रकरण भी अटके पड़े हैं । वहीं दीपका विस्तार के लिए हस्तांतरण होने के बाद मिट्टी हटाने काम चल रहा है जिसे एक सप्ताह से रोक दिया गया है । और ऊर्जाधानी सन्गठन ने कहा है कि जबतक आमगांव और जोकाही डबरी के लम्बित मामलों का निराकरण नही हो जाता तब तक ओबी का काम होने नही दिया जाएगा और हमारी बातो की अनदेखी होने पर आंदोलन को उग्र करते हुए खदान को पूरी तरह से बन्द करने की कार्यवाही की जाएगी।