शासन की महत्वकांक्षी योजना गौठान की धरातल पर स्थिति बद से बदतर

Posted On:- 2022-05-18



भैयाथान (वीएनएस)। प्रदेश सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना गौठान जो ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देने नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी व गायों के संरक्षण और संवर्धन लिए गोठान निर्माण की योजना लागू की गई। लेकिन प्रशासन के लाख मशक्कत करने के बाद भी ग्रामीणों को इस योजना का लाभ कई स्थानों पर नही मिल पा रहा है।

ब्लॉक मुख्यालय भैयाथान अंतर्गत 78 ग्राम पंचायतें है जिसके 56 ग्राम पंचायतो में गौठान संचालित है जिसमे 16 मॉडल गौठान है और 35 गौठानो में गोबर खरीदी हो रही है। इन 16 मॉडल गौठानो को छोड़ दें तो शेष 19 गौठानो की स्थिति भी काफी दयनीय है।

वहां सिर्फ गोबर खरीदी ही हो पा रही है वो भी सिर्फ कागजों पर संचालित है। इन गौठानो में पशुओं के लिए न चारा है नहि पानी। यही कारण है कि पशुपालक अपने मवेशियों को गौठान लेकर नही जाते। जब कभी बड़े अधिकारियों का दौरा गौठानो में होता है तब मवेशियों को लाकर कोरम पूरा किया जाता है जैसे ही अधिकारी जाते हैं उनके साथ मवेशी भी निकल जाते हैं। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देने नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी व गायों के संरक्षण और संवर्धन लिए गोठान निर्माण की योजना लागू की गई है।

लाखों रुपए खर्च करने के बाद भी ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है गौठानों का लाभ : हद तो तब हो गई जब विकासखंड मुख्यालय के ग्राम पंचायत भैयाथान के गौठान आज तक नहीं बन सकी है जबकी पर्याप्त जगह व संसाधन होने के बावजूद गौठान बनाने में भैयाथान ग्राम पंचायत दिलचस्पी नहीं ले रही हैं। तो भला दूर दराज के ग्राम पंचायतो के गौठानो की स्थिती का अंदाजा लगाया जा सकता है।

ग्राम पंचायत भैयाथान सहित 21 गौठानों में घेरावा, शेड निर्माण, पानी की समुचित व्यवस्था आज तक नहीं हो सकी है। इसलिए गोबर खरीदी की शुरुवात नहीं हो पाई जिससे गोधन न्याय योजना का लाभ आज तक ग्रामीणों को नहीं मिल सकी है। ऐसे गौठानो में लाखों रुपए लगाने के बाद भी यह किसी काम के नही है।