रायपुर (वीएनएस)। रेलवे बोर्ड नई दिल्ली के दिशानिर्देश के अनुसार तथा महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमिय नंदन सिन्हा तथा मंडल सुरक्षा आयुक्त/रे.सु.ब./रायपुर संजय कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में स्टेशन डायरेक्टर रायपुर के कक्ष में 18 मई को शाम 4 बजे 'बचपन बचाओ' के संबंध में सेमिनार का आयोजन किया गया। उक्त सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में जिला बाल संरक्षण अधिकारी नवनीत स्वर्णकार रायपुर एवं सामाजिक कार्यकर्ता जिला बाल विकास टीम के सदस्य नेहा परवीन उपस्थित हुए। इसके अतिरिक्त उक्त सेमिनार में सहायक सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल रायपुर, रेलवे सुरक्षा बल के विभिन्न पोस्टों से आए अधिकारी/बल सदस्य, वाणिज्य विभाग, वेंडर, कुली, सफाई कर्मचारी एवं शासकीय रेल पुलिस के स्टाफ उपस्थित थे। इस दौरान मुख्य अतिथियों ने बचपन बचाओ एवं उनके संरक्षण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी व मार्गदर्शन दिया तथा बच्चों के मूलभूत अधिकारों एवं उनको दी जाने वाली सुविधा के बारे में अवगत कराया। साथ ही मानव तस्करी के तरीकों एवं तस्करों की पहचान व रेस्क्यू करने के उपायों की जानकारी दी गई ।