गरियाबंद (वीएनएस)। अपर कलेक्टर चौरसिया ने विगत दिवस जिले के तहसील मुख्यालय देवभोग स्थित तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण शीघ्र कर लेने तहसीलदार को निर्देशित किया। कानूनगो शाखा में संधारित पंजियो को व्यवस्थित रखने तथा भू-अर्जन के प्रकरण, जिसमें अवार्ड पारित हो चुका है। ऐसे सभी प्रकरणों को अभिलेख सुधार करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नये प्रारूप में नये आबादी पट्टा तैयार कर वितरण सुनिश्चित करने कहा गया है। कार्यालय में मासिक डाक, जारी ज्ञापन व परिपत्रों को भी व्यवस्थित रखने कहा गया। आम लोगों से प्राप्त आवेदनों के निराकरण पर भी तहसीलदार और नायब तहसीलदार को जोर देने कहा गया। अपर कलेक्टर चौरसिया ने इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व देवभोग, तहसीलदार और नायब तहसीलदार की उपस्थिति में हल्का पटवारियों की समीक्षा बैठक लेकर हल्का से संबंधित लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व शिविर आयोजित कर लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण सुनिश्चित करने कहा। अपर कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान एसडीएम टी.के. देवांगन और प्रभारी तहसीलदार शमीर शर्मा भी मौजूद थे।