कोरबा (वीएनएस)। झीरम घाटी में 25 मई 2013 को नक्सली हिंसा के शिकार हुए जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ पदाधिकारीगण, सुरक्षा बलों के जवान व विगत वर्षों तथा वतर्मान में नक्सल हिंसा में शहीद हुए सभी लोगों की स्मृति में 25 मई को झीरम श्रद्धांजलि दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर नक्सली हिंसा में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया जाएगा। 25 मई को सभी शासकीय, अद्धर्शासकीय कार्यालयों में शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर राज्य में अहिंसा व सहनशीलता की परंपरा को बनाए रखते हुए सभी प्रकार के नक्सलवाद और हिंसा का डटकर विरोध करते हुए छत्तीसगढ़ को पुन: शांति का टापू बनाने के लिए दृढ़ संकल्प लिया जाएगा।