सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो : मंत्री रविन्द्र चौबे

Posted On:- 2022-05-18



बेमेतरा (वीएनएस)। प्रदेश के कृषि विकास व कल्याण, जैव-प्रौद्योगिकी, पशुधन विकास, मछली पालन, जलसंसाधन व आयाकट मंत्री रविन्द्र चौबे आज बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष बेमेतरा में आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों और अन्य विषयों पर समीक्षा बैठक ली। मैराथन बैठक लगभग साढ़े चार घंटे चली। बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने जिले में खाद व बीज के भंडारण व वितरण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद व बीज के लिए भटकना न पड़े अधिकारी इसका विशेष ध्यान रखें। आम नागरिकों को सरकार की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ मिले, इस दिशा में अधिकारी अधिक संवेदनशील होकर कार्य करें। विभागीय अधिकारी समय-समय पर क्षेत्रिय जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में लाकर हितग्राही मूलक योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने केबिनेट मंत्री को आश्वस्त किया कि विभागीय अधिकारी परस्पर समन्वय से कार्य करते हुए सरकार की विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों का बेहतर क्रियान्वयन करेंगे और इसका अधिक से अधिक लाभ आम जनता तक पहुंचाएंगे। बैठक में संसदीय सचिव वं विधायक नवागढ़ गुरुदयाल सिंह बंजारे, विधायक बेमेतरा आशीष कुमार छाबड़ा, कलेक्टर बेमेतरा विलास भोसकर संदीपान, पुलिस अधीक्षक धमेंन्द्र सिंह, जिला पंचायत सीईओ लीना मंडावी सहित जिला स्तर के अधिकारी, जनपद पंचायत सीईओ, नगरीय निकाय के सीएमओ व तहसीलदार उपस्थित थे। कृषिमंत्री चौबे ने कहा कि राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो इसमें किसी भी प्रकार की उदासीनता व लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुराजी गांव योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना जैसे हितग्राही मूलक योजनाओं का अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिले। बैठक में कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि खरीफ वर्ष 2022 के अन्तर्गत जिले में खाद व बीज का भंडार कर लिया गया है। किसान अपनी सुविधानुसार इसका उठाव कर रहे हैं। जिले में धान, सोयाबीन, कोदो, अरहर, उड़द, मूंग, मक्का का कुल 3003.90 क्विंटल का भंडारण किया गया है। इसी तरह सेवा सहकारी समितियों में उर्वरक, खाद 4758 क्विंटल का भंडारण हुआ है व 2557 क्विंटल का वितरण कर लिया गया है। किसानों को धान के बदले अन्य फसल लेने केलिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। गैर धान फसल के लिए बेमेतरा जिले का रकबा (लक्ष्य) 19 हजार 292 हेक्टेयर का है। किसानों को उत्पादन बढ़ाने के लिए कृषि मंत्री ने वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग करने की अपील की। मंत्री चौबे ने गौठान में पैरा एवं चारा की व्यवस्था करने के निर्देश जनपद पंचायतों के सीईओं को दिए। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के अन्तर्गत मोटराईस्ड ट्राईसिकल के वितरण की जानकारी ली। केबिनेट मंत्री चौबे ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री का प्रदेशव्यापी विधानसभावार मैदानी क्षेत्र का भ्रमण प्रारंभ हो गया है। इस दौरान वे आम जनता से भेंट-मुलाकात भी कर रहे हैं। उन्होंने इसकी तैयारी करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री के भ्रमण के पूर्व सभी राजस्व अधिकारी अपने-अपने तहसील अनुविभाग के अन्तर्गत राजस्व प्रकरणों का निराकरण शीघ्र कर लेवें। इनमें अविवादित नामंतरण, बंटवारा, सीमांकन, फौती के प्रकरण, नवीन राशनकार्ड का निर्माण इत्यादि शामिल है। राजस्व व कृषि विभाग के अधिकारी सेवा सहकारी समिति स्तर पर कृषक चौपाल आयोजित कर रहे हैं। कृषि मंत्री ने इसे एक सप्ताह और बढ़ाने के निर्देश दिए। किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लंबित दावा भुगतान के संबंध में जानकारी लेते हुए इस पर त्वरित कायर्वाही करने के निर्देश दिए। केबिनेट मंत्री ने उद्याानिकी फसलों का रकबा बढ़ाने के दिशा में भी कायर्वाही करने को कहा। बैठक में राजस्व, जलसंसाधन आदिमजाति कल्याण, महिला व बाल विकास, शिक्षा, मछली पालन, हाउसिंग बोर्ड, खेल, खाद्य, खनिज, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल जीवन मिशन, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों के काम-काज की समीक्षा की।