कोण्डागांव में मलेरिया के प्रति जागरूकता लाने मलेरिया रथ को दिखाई हरी झंडी

Posted On:- 2022-05-18



मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ के छठवें चरण का किया गया शुभारंभ

कोण्डागांव (वीएनएस)। बुधवार को कोण्डागांव में मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के छठवें चरण का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टीआर कुंवर की ओर से किया गया। इस उपलक्ष्य में जिला अस्पताल कोण्डागांव से गांव-गांव तक पहुंच मलेरिया के प्रति जागरूकता लाने के लिए मलेरिया रथ को भी जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अमृत रोहलेडर की ओर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल धु्रव, मलेरिया सलाहकार इमरान खान, जिला डाटा प्रबंधक राहुल लिल्हारे व अन्य स्टॉफ उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि राज्य शासन के निर्देशानुसार पूरे छत्तीसगढ़ में मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान संचालित किया जा रहा है। जिसका छठवां चरण 17 मई से 16 जून 2022 तक चलाया जाएगा। इस अभियान के साथ ही सघन, टीबी, मोतियाबिंद व स्केबिज का जांच एवं उपचार भी किया जायेगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा के निर्देशानुसार जिला व विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष कार्यालय मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी में बनाया गया है। मलेरिया मुक्त अभियान केलिए सुक्ष्म कार्ययोजना विकासखंड स्तर पर तैयार की गई है। इस अभियान के लिए मच्छररोधी कीटनाशक दवा घोल का छिड़काव, सर्वे दल निर्माण व सर्वेक्षण, मलेरियारोधी दवा एवं सामग्री आरडी कीट आदि सभी आवश्यक उपकरण विकासखंड स्तर पर उपलब्ध कराये गये हैं।