अधिक दाम पर यूरिया बेचना पड़ा महंगा, आगामी आदेश तक दुकान सील

Posted On:- 2022-05-18



अम्बिकापुर (वीएनएस)। कलेक्टर के निर्देशानुसार उर्वरक के थोक व फुटकर विक्रता के दुकानों पर प्रशासन की टीम की ओर से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है तथा जहां अनियमितता पाए जा रहे हैं उनके खिलाफ कायर्वाही भी की जा रही है। इसी कड़ी में अम्बिकापुर के शुभम फटिर्लाइजर्स तय दर से अधिक मूल्य पर किसानों को यूरिया बेचने की पुष्टि होने पर प्रशासन की टीम ने कारवाही करते हुए बुधवार को शुभम फटिर्लाइजर्स को आगामी आदेश तक के लिए सील कर दिया है। अम्बिकापुर के एसडीएम प्रदीप साहू ने बताया कि 16 मई को शुभम फटिर्लाइजर्स के खिलाफ निर्धारित मूल्य से अधिक दाम लेकर यूरिया बेचने की शिकायत क्रांतिप्रकाशपुर के एक किसान की ओर से किया गया था। शिकायत की जांच में कई कमियां पाए जाने के कारण शुभम फटिर्लाइजर्स को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे में जवाब मांगा गया था। शुभम फटिर्लाइजर्स के द्वारा संतोषप्रद जवाब नहीं देने के कारण एसडीएम के निर्देश पर बुधवार को नायब तहसीलदार कोमल साहू सहित राजस्व विभाग के कर्मचारियों की ओर से शुभम फटिर्लाइजर्स को सील कर दिया गया है।