कलेक्टर ने तुमड़ीबोड़ में लगाया किसान चौपाल

Posted On:- 2022-05-18



राजनांदगांव (वीएनएस)। कलेक्टर सिन्हा ने आज डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम तुमड़ीबोड़ में किसान चौपाल लगाकर किसानों को समृद्धि और आय में वृद्धि के लिए आवश्यक सलाह और सुझाव दिए। इस दौरान उन्होंने किसानों को सुझाव देते हुए कहा कि किसान अपने आर्थिक आमदनी में इजाफा करने के लिए धान के बदले दलहन, तिलहन और उद्यानिकी फसलों की खेती करें। इससे कम समय और कम लागत में अधिक मुनाफा कमा सकते हैं। उन्होंने कहा कि धान की खेती में बहुत अधिक मेहनत और जिम्मेदारी होती है। धान के बदले दलहन, तिलहन उद्यानिकी फसल लेने से कम समय में अधिक मुनाफा कमाया जा सकता है। उन्होंने किसानों को आवश्यक सुझाव देते हुए कहा कि किसान अपने खेतों में वर्मी कम्पोस्ट का प्रयोग करें। वर्मी खाद का उपयोग करने से खेत की प्राकृतिक उवर्रा शक्ति बनी रहती है। वर्मी कम्पोस्ट का प्रयोग करने से जमीन में पानी का ठहराव करने की क्षमता भी बढ़ जाती है। इसका प्रयोग करने से जमीन की प्राकृतिक क्षमता बढ़ने के साथ ही उर्वरता शक्ति काफी लंबे समय तक बनी रहती है। इस खाद का उपयोग करने से कम से कम 3 साल तक इसका असर जमीन पर रहता है। कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि रासायनिक खाद का प्रयोग करने से इसकी शक्ति केवल एक ही बार खेती के लिए असरकारक होती है। रासायनिक खाद जमीन की प्राकृतिक क्षमता को खत्म करती है। उन्होंने कहा कि वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग करने से जमीन उपजाऊ और प्राकृतिक गुणों से भरपूर होगा। उन्होंने सभी किसानों को खेती-बाड़ी में वर्मी कम्पोस्ट का प्रयोग करने की सलाह दी। उन्होंने किसानों को प्रेरित किया करते हुए भूमि को सहेजने और संरक्षण के लिए वर्मी कम्पोस्ट को उपयोगी बताया। कलेक्टर ने किसानों से सुझाव भी पूछे। किसानों ने कलेक्टर से वर्मी कम्पोस्ट की उपयोगिता जानकर उपयोग करने अपना सहमति दी। कलेक्टर ने किसान चौपाल में किसानों को सुगंधित धान की खेती करने का सलाह दी। जिससे अधिक मुनाफा कमाया जा सके। किसान चौपाल में कलेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों की आमदनी में इजाफा करने के लिए राजीव गांधी किसान न्याय योजना चलाया जा रहा है। इसके जरिए किसानों को उनके द्वारा विक्रय किए गए धान के हिसाब से निश्चित राशि किसानों के खाते में अंतरित की जा रही है। कलेक्टर ने बताया कि एक 21 मई को इस वर्ष विक्रय किए गए धान की प्रोत्साहन राशि किसानों के खाते में अंतरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि देश में केवल छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक कीमत पर धान की खरीदी राज्य सरकार द्वारा की जा रही है। इससे किसानों के जीवन में खुशहाली आई है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, एसडीएम डोंगरगांव हितेश पिस्दा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।