खरसिया जनपद की पहचान बन चुका है अस्वच्छता और दुर्गंध का माहौल

Posted On:- 2022-05-18



खरसिया (वीएनएस)। जिनके हिस्से स्वच्छता का दायित्व होता है वहीं पर इतनी अधिक अस्वच्छता है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि स्वच्छता पर यह जिम्मेदार अधिकारी कितना जोर देते होंगे। जिनको अपने ही परिसर में पसरी गंदगी का आलम दिखाई नहीं दे रहा, उनसे भला क्या उम्मीद की जा सकती है। मूत्रालय की दुर्गंध से सराबोर जनपद में जब प्रवेश किया जाएगा तो भीनी-भीनी खुशबू जरूर आप का मन मोह लेगी।

बात इतनी ही नहीं इस गंध के अभ्यस्त हो चुके वहां के अधिकारी और कर्मचारियों को यह गंदगी नजर ही नहीं आ रही। साथ ही जमाने से पड़ा हुआ कबाड़ का यह आलम कि वहां पर सांप बिच्छू आदि खतरनाक जानवर भी आसानी से कई दिनों तक रह सकते हैं। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि यह खतरनाक जीव-जंतु वहां के मूल निवासी बन चुके होंगे।

 कागजों में निपटा रहे स्वच्छता अभियान

हालांकि यह बात भी जगजाहिर है कि खरसिया को स्वच्छता की रैंक में केंद्र ने भी पुरस्कृत किया है। परंतु इसके पीछे की मूल वजह को यदि देखा जाए तो सिर्फ मोबाइल ने  अपने अधीनस्थों के माध्यम से स्वच्छता सर्वे का दबाव बनवा कर सिर्फ फॉर्मेलिटी निभाई जा रही है, जबकि पूरे शहर में मच्छरों का आलम है और मच्छरों का आलम तभी होता है जब गंदगी होती है। जिस तरह बिना पानी के कीचड़ नहीं होता ठीक उसी तरह बिना गंदगी के मच्छर भी नहीं होते। सीएमओ से जब इस बाबत 27 अप्रैल को बात की गई तो उन्होंने कहा था कि मच्छरों की दवा का छिड़काव किया जा रहा है, जो वार्ड नंबर 11 में भी पहुंचता ही होगा, जो आज तक नहीं पहुंचा है।