बीजापुर (वीएनएस)। जिले के भैरमगढ़ व बीजापुर ब्लाक के अंदरूनी धुर नक्सली प्रभावित ईलाकों में नवीन हेंडपंप स्थापना से उक्त क्षेत्र के ग्रामीणों को ग्रीष्मकाल में पेयजल सुविधा मिल रही है। बेचापाल क्षेत्र के हुर्रेपाल तथा गंगालूर ईलाके के पीड़िया -गमपुर आदि गांवों में 47 हेण्डपंप स्थापित किये गये हैं, जिससे यहां के रहवासियों को पेयजल की समुचित उपलब्धता हो रही है।
कायर्पालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी बीजापुर जगदीश कुमार ने इस बारे में बताया कि बेचापाल क्षेत्र में बैलाडीला की पहाड़ियों के नीचे अवस्थित हुर्रेपाल, पिटेपाल एवं अन्य ग्राम जो सघन नक्सली प्रभावित हैं। इन ग्रामों में हेंडपंपों की स्थापना व संधारण कार्य चुनौतीपूर्ण है। इसके बावजूद जिला कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा के निर्देशानुसार हुर्रेपाल के पंचायत पदाधिकारियों के सहयोग से हुर्रेपाल में दो नग नलकूप खनन कर हेंडपंप स्थापित किया गया है। जिससे गांव के करीब 2 हजार की आबादी लाभान्वित हो रही है। यहां पर नलकूप खनन के लिए विषम परिस्थितियों के बावजूद ट्रेक्टर माउण्टेन व्हीकल का उपयोग किया गया।
इसी तरह गंगालूर ईलाके में बैलाडीला की पहाड़ी के नीचे बसे पीड़िया, अंड्री, हर्रा, माडूम, हिरमुंडा, कावड़, गमपुर व एडसमेटा में 45 नलकूप खनन कर हेण्डपंप स्थापित किये गये हैं। जिससे उक्त दूरस्थ ग्रामों के करीब 4 हजार से अधिक आबादी को ग्रीष्मकाल में पेयजल सुलभ हो रहा है। ग्रामीणों ने उक्त सराहनीय पहल के लिए जिला प्रशासन को साधुवाद दिया है। ज्ञातव्य है कि गंगालूर ईलाके के पीड़िया- गमपुर आदि गांव अत्यंत संवेदनशील हैं और उक्त गांवों में नलकूप खनन के लिए बोरवेल मशीन ले जाना चुनौती भरा है। इसे मद्देनजर रखते हुए इस क्षेत्र के पंचायत पदाधिकारियों व ग्रामीणों के सहयोग से गर्मी के दिनों में वाहन जाने हेतु रास्ता बनाया गया और पहली बार ट्रेक्टर माउण्टेन व्हीकल के जरिये इतनी बड़ी संख्या में नलकूप खनन किये गये। अब उक्त नलकूपों में हेंडपंप स्थापित होने से ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल सुलभ हो रहा है।