जयपुर (वीएनएस)। कांग्रेस के बाद अब राजस्थान में भाजपा का 3 दिवसीय आत्ममंथन शिविर शुरू होगा। जयपुर में आज से तीन दिनों तक भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होगी, जिसमे राजनीतिक मुद्दों के साथ राज्यों के विधानसभा चुनाव सें संबंधित विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। 21 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक को संबोधित करेंगे।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 19 से लेकर 21 मई तक राष्ट्रीय पदाधिकारियों और संगठन महामंत्रियों की बैठक को संबोधित करेंगे। इस बैठक में राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव 2023 और साल 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर रोडमैप तैयार किया जाएगा।
जेपी नड्डा गुरुवार की शाम चार बजे निजी हवाई जहाज से जयपुर पहुंचेगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जेपी नड्डा के स्वागत की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया के अनुसार आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में देश आजादी महोत्सव मना रहा है। इसलिए जेपी नड्डा के स्वागत के लिए 75 गेट बनाए गए हैं। जिसमें राजस्थान की झलक देखने को मिलेगी। पूनिया के अनुसार सात स्थानों पर जेपी नड्डा का स्वागत किया जाएगा। जिसमें पद्माश्री अनवर खां और रवीन्द्र उपाध्याय की प्रस्तुति होगी।
जयपुर एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक 20 हजार झंडे लगा कर शहर को सजाया गया है। एक हजार मोटर साइकिल युवा मोर्चा का जुलूस भी जेपी नड्डा के साथ एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक साथ ही चलेगा। पूनिया के अनुसार राजस्थानी वाद्य यंत्र रावन हत्था से राजस्थानी पारंपरिक धुनों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत और सत्कार होगा। जेपी नड्डा को सिरोही की तलवार और 11 मीटर का साफा पहनाकर राजस्थान में स्वागत किया जाएगा। जेपी नड्डा रोड शो करते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगे और होटल लीला में बीजेपी की प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय संगठन मंत्रियों की बैठक को संबोधित भी करेंगे।