सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस पहुंचे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद

Posted On:- 2022-05-19



किंग्सटाउन (वीएनएस)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दो कैरेबियाई देशों की यात्रा के अपने दूसरे चरण में सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस पहुंचे। कोविंद के बुधवार को अर्गिल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस के प्रधानमंत्री राल्फ गोंजाल्वस और गवर्नर जनरल डेम सुसान डोगन ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति के आगमन पर उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ और 21 तोपों की सलामी दी गई। राष्ट्रपति कोविंद अपनी पत्नी सविता कोविंद के साथ यहां पहुंचे हैं। किसी भी भारतीय राष्ट्रपति की यह सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस की पहली यात्रा है। राष्ट्रपति कार्यालय ने ट्वीट किया, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस की राजधानी किंग्सटाउन पहुंचे। गवर्नर जनरल डेम सुसान डोगन ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। किसी भी भारतीय राष्ट्रपति की यह सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस की पहली यात्रा है। सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस की यात्रा के दौरान राष्ट्रपति कोविंद सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस की अपनी समकक्ष गवर्नर-जनरल सुसान डोगन से मुलाकात करेंगे। वह देश के प्रधानमंत्री राल्फ गोंजाल्वस और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से भी मिलेंगे।