भारत के पास दुनिया का कंटेंट उपमहाद्वीप बनने की क्षमता :

Posted On:- 2022-05-19



नई दिल्ली (वीएनएस)। सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि भारत के पास दुनिया का कंटेंट उपमहाद्वीप बनने की क्षमता है और फिल्‍म निर्माण के लिए एक पसंदीदा स्थान है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का उद्देश्य भारत के मीडिया और मनोरंजन पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देना है जिससे सालाना 53 अरब डॉलर का आय होने की उम्मीद है। इंडिया फोरम ऑन इंडिया-द कंटेंट हब ऑफ द वर्ल्ड पर पैनल चर्चा में मुख्‍य भाषण देते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि भारतीय सिनेमा न केवल देशवासियों, बल्कि पूरी दुनिया के दर्शकों का भी मनोरंजन कर रहा है। उन्होंने कहा कि सिनेमा ने भारत की गाथा को बहुत ही खूबसूरती से पेश करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सिनेमा ने देश के स्‍वतंत्रता संग्राम का भी बेहतर ढंग से चित्रण किया है। उन्‍होंने कहा कि भारतीय मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र का अर्थव्यवस्था में अहम योगदान रहा है। यह विश्‍व स्तर पर देश की सॉफ्ट पावर को भी प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने देश में फिल्‍मों के सह-निर्माण और शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए पिछले आठ वर्षों में कई पहल की हैं।