मुंबई (वीएनएस)। MX प्लेयर पर रिलीज हुई 'आश्रम' वेब सीरीज काफी हिट साबित हुई। इस सीरीज के पहले दो पार्ट ने जमकर कमाई की, जिस वजह से अगले महीने इसका तीसरा पार्ट भी आ रहा है, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे है।जिसमे बाबा निराला यानी बॉबी देओल फिर भक्तों की आंख में धूल झोंकते नजर आएंगे। इस सीरीज में बॉबी के अलावा सभी ने दमदार किरदार अदा किया है। लेकिन बॉबी के अलावा एक और एक्टर ने अपनी जबरदस्त भूमिका से सबको प्रभावित किया है, वो थे भोपा स्वामी। उनकी कमाल की एक्टिंग ने फैंस का खूब दिल जीता और वह लोगों के पसंदीदा बन गए।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भोपा स्वामी का असली नाम चंदन रॉय सान्याल है। चंदन रॉय सान्याल उर्फ़ आश्रम के भोपा स्वामी ने अपने करियर की शुरुआत राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म रंग दे बसंती से की थी। बता दें कि उन्होंने इस फिल्म में बटुकेश्वर दत्त की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म में मुख्य भूमिका में आमिर खान नजर आए थे। चंदन ने पहली फिल्म से ही अपनी छाप छोड़ दी थी और दर्शकों के दिल में जगह बनाई थी। लेकिन उन्हें असली पहचान आश्रम सीरीज से मिली है। लोग उनके एक्टिंग के फैन हो गए।
निजी जिंदगी की बात करें तो चंदन एक बंगाली परिवार से हैं, लेकिन वो दिल्ली में ही बड़े हुए। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, लेकिन वो मुंबई आना चाहते थे। इस वजह से उन्होंने बच्चों को पढ़ाना शुरू किया और 7 हजार इकट्ठा किए। इसके बाद वो उन्हीं पैसों को लेकर 2001 में मुंबई आए थे।
उन्होंने इंटरव्यू के दौरान बताया कि एक वक्त ऐसा था जब वो पाई-पाई के मोहताज थे। शुरुआती दिनों में उनके पास पैसों की बहुत ज्यादा तंगी थी, जिस वजह से उन्होंने खाना तक छोड़ दिया था। वह काफी स्ट्रगल कर रहे थे। लेकिन उन्हें उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम मिला और आज सफलता उनके कदम चूम रही है। रिपोर्ट के मुताबिक अब चंदन के पास 1-5 मिलियन डॉलर (7-38 करोड़) की संपति है।