जांजगीर-चांपा (वीएनएस)। जांजगीर-चांपा में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार हाइवा ने स्कूटी सवार दंपत्ति को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई वही पति गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद हाइवा चालक फरार हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक महिला अपने पति के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रही थी। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक जमकर हंगामा हुआ। हादसा बाराद्वार थाना क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, पलाड़ीकला निवासी चमेली साहू अपने पति दादूराम साहू के साथ गुरुवर सुबह करीब 11 बजे एक्टिवा से अंतिम संस्कार में शामिल होने ठठारी जा रही थीं। अभी वे नेशनल हाईवे-49 पर पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पति-पत्नी दोनों सड़क पर जा गिरे और चमेली साहू को हाइवा कुचलते हुए निकल गया। थोड़ी दूर जाने पर चालक ने हाइवा रोकी और उतर कर भाग निकला।