विधायक ने अन्न व बीज भंडार दुकान का किया शुभारंभ

Posted On:- 2022-05-19



जशपुरनगर (वीएनएस)। जिला प्रशासन की ओर से संचालित बांकी नदी एग्रोफेड प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के जशपुर शाखा के अन्न व बीज भंडार का विधायक विनय भगत ने विधिवत शुभारंभ किया। दुकान का संचालन जिले के पशुपालन विभाग कार्यालय के समीप किया जा रहा है। विधायक ने दुकान से जो फुल, जीराफूल उसना चावल और दाल की खरीदी करके पहले ग्राहक बने। शुभारंभ के अवसर पर उन्होंने सभी अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। विधायक भगत ने किसानों से चर्चा करके विभिन्न उत्पाद सामग्रीयों और खेती-बाड़ी के बारे में जानकारी ली। उन्होंने किसानों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जिले में किसानों के सामग्रीयों का विक्रय कराने के लिए छत्तीसगढ़ शासन की ओर से बाजार उपलब्ध कराया गया है, जिसका प्रत्यक्ष लाभ किसानों को मिलेगा और वे आर्थिक रूप से मजबूत बनेंगे। कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देश में जिले के विकासखंड जशपुर में किसानों के उत्पादित अन्न व बीज भंडार दुकान का संचालन किया जा रहा है। जिसमें 394 किसान सीधे जुड़े है, किसान उत्पादक संगठन का मुख्य उद्देश्य कृषि लागत में कमी लाना किसानों को सही दाम के साथ आर्थिक लाभ पहुंचाना है। इससे किसानों को अपना इनपुट लागत में कमी आएगी साथ ही किसानों को अपना उत्पाद बेचने के लिए जशपुर शहर में एक स्थायी स्थान उपलब्ध हो गया है। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर सचिन भूतड़ा, संयुक्त कलेक्टर योगेन्द्र श्रीवास, अमित महतो, सूरज चौरसिया, खुड़िया रानी फार्मर प्रोडयूसर कम्पनी के अध्यक्ष कमला विश्वकर्मा व राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन जशपुर के जिला प्रभारी विजय शरण प्रसाद, गोवर्धन होता, वैभव यादव और स्व सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थी। विधायक ने एफपीसी की सराहना करते हुए कहा कि किसानों के उत्पाद की क्रय-विक्रय के लिए बांकीनदी एग्रोफेड प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड जशपुर एक मिल का पत्थर साबित होगा। सभी किसानों को इससे जुड़कर अच्छा कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उपस्थित किसान उत्पादक संगठन के सदस्य संदीप किंडो, मंजीत राम, संजना तिर्की व सेवक राम भगत ने जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के सार्थक प्रयास से किसानों का खुद का दुकान शहर के मध्य खुल पाया है।