दतिमा मोड़ (वीएनएस)। भैयाखान विकासखंड अंतर्गत ग्राम राई मोहल्ला असनापारा के ग्रामीणों के साथ भाजपा युवा मोर्चा उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल व किसान मोर्चा महामंत्री पारस पैकरा, अजजा मोर्चा अध्यक्ष धर्मपाल पैकरा के अगुवाई में बीते 20 दिनों पूर्व मोहल्ला में एक नवीन ट्रांसफार्मर की मांग को लेकर दतिमा-लटोरी मार्ग पर चक्का जाम किये।
चक्का जाम के दौरान पहुंचे विभागीय अधिकारी और अन्य अधिकारियों ने मोहल्ले में नए ट्रांसफार्मर लगाने लिखित में आश्वासन दिया लेकिन अब जब नवीन ट्रांसफार्मर लगाने की बारी आई तो औचित्यहीन जगह पर ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। जबकि आंदोलन के दौरान मोहल्ले में लगाने की बात कही गई थी।जहां नवीन ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है वो असनापारा मोहल्ले से लगभग एक कि.मी से अधिक दूरी पर है जहां ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है वहां किसी तरह का वोल्टेज की समस्या ही नहीं है। ऐसे में वहां ट्रांसफार्मर लगा तो ग्रामीणों की समस्या जस की तस बनी रहेगी और आए दिन वोल्टेज की समस्या को लेकर ग्रामीण परेशान रहेंगे। लेकिन विभाग भला किसी का क्यों सुने अपना कोरम पूरा करने में लगा हुआ है और विद्युत विभाग के ही मनमानी कार्यप्रणाली से ग्रामीण काफी नाराज है।
फिर होगा आंदोलन
भाजपा युवा मोर्चा उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने कहा है कि विद्युत विभाग समस्या का समाधान ही नहीं करना चाहती है यही कारण है कि व्यवस्था नहीं सुधरी तो एक बार फिर ग्रामीणों के साथ भाजयुमो सड़क पर उतरेगा। क्योंकि आंदोलन के दौरान और असनापारा मोहल्ला में ट्रांसफार्मर लगने की बात कही गई थी लेकिन ट्रांसफॉर्मर कहे गए जगह पर नहीं लगाई जा रही है यदि समय रहते ट्रांसफार्मर नहीं लगा तो हम आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। जिसकी सूचना हमने भैयाथान अनुविभागीय अधिकारी को दिया है।