मुख्यमंत्री बघेल 21 मई को राजीव गांधी किसान न्याय योजना की राशि का करेंगे अंतरण

Posted On:- 2022-05-19



महासमुंद (वीएनएस)। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 21 मई को राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत प्रदेश के किसानों को खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के लिए प्रथम किस्त की राशि का अंतरण करेंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत राम सुंदरदास के मुख्य आतिथ्य में जिला मुख्यालय स्थित शंकराचार्य भवन, बागबाहरा रोड महासमुंद में सुबह 10:00 बजे से राजीव गांधी किसान न्याय योजना अंतर्गत राशि अंतरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री बघेल जिला स्तरीय कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे और किसानों के खातों में प्रथम किस्त की राशि का अंतरण करेंगे। इस दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता संसदीय सचिव व विधायक महासमुंद विनोद चंद्राकर व विशिष्ट अतिथि के रूप में संसदीय सचिव व विधायक खल्लारी द्वारिकाधीश यादव, वन विकास निगम के अध्यक्ष व विधायक बसना देवेन्द्र बहादुर सिंह, अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष व विधायक सरायपाली किस्मतलाल नंद, जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, जनपद पंचायत महासमुंद के अध्यक्ष यतेन्द्र साहू, नगर पालिका परिषद् महासमुंद के अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर छत्तीसगढ़ बीज अनुसंधान उपसिमिति के संचालक दाऊलाल चंद्राकर व डॉ. रश्मि चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधिगण और हितग्राही सीधे वर्चुअल (वीडियो कान्फ्रेंसिंग) के माध्यम से जुड़ेंगे। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने शनिवार 21 मई को जिला मुख्यालय स्थित शंकराचार्य भवन, बागबाहरा रोड में आयोजित होेने वाले कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक तैयारियां व व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।