नई दिल्ली (वीएनएस)। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर और बंगलादेश के सूचना मंत्री डॉ. हसन महमूद ने मिलकर भारत और बांगलादेश द्वारा बंगबंधु शेख मुजीबुर्रहमान पर संयुक्त रूप से बनाई गई फीचर फिल्म का 90 सेकेंड का ट्रेलर जारी किया। श्याम बेनेगल के निर्देशन में बनी इस फिल्म का नाम मुजीब- द मेकिंग ऑफ द नेशन है।
इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत और बांगलादेश की ओर से संयुक्त रूप से निर्मित यह फिल्म प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर बनी है। उन्होंने कहा कि यह बंगबंधु शेख मुजीबुर्रहमान की जन्म शताब्दी पर एक उपहार है। फिल्म के निर्माण में आई बाधाओं पर टिप्पणी करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि उस वक्त जब विश्व कोरोना महामारी की चुनौतियों से गुजर रहा था तब फिल्म के निर्माण का काम पूरा किया गया।
उन्होंने इस फिल्म को पड़ोसी देश से अच्छे संबंधों का उदाहरण बताया और भारत तथा बांगलादेश के प्रधानमंत्रियों का इस पहल के लिए आभार प्रकट किया। अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा कि इस फिल्म का ट्रेलर जारी करने का इससे अच्छा और कोई मौका नहीं हो सकता था, क्योंकि इस वर्ष भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है और भारत को फ्रांस में चल रहे फिल्म समारोह में कंट्री ऑफ ऑनर घोषित किया गया है। इसके जरिए भारत और बांगलादेश की मित्रता भी प्रदर्शित हुई है। उन्होंने समारोह में शामिल होने के लिए बांगलादेश के प्रतिनिधिमंडल को धन्यवाद दिया।