छिंदवाड़ा (वीएनएस)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक दुखद और बेहद ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां हाथों में मेहंदी लगाए बैठी दुल्हन की शादी में महज 24 घंटे बाकी थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। इससे पहले कि लाडली की मायके से डोली उठती, उससे पहले ही उसे मौत उठाकर ले गई।
मिली जानकारी के मुताबिक दुल्हन मेघा की 20 मई को शादी थी, लेकिन डोली की जगह घर से बेटी की अर्थी उठी। घर में शादी के जश्न का माहौल अचानक मातम में बदल गया। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना कोतवाली थाना के बुधवारी बाजार की है। एसडीओपी संतोष डेहरिया ने बताया की प्रमोद महादेवराव की बेटी मेघा काले की शादी का समारोह चल रहा था। नाश्ते में मेघा ढोकला खा रही थी। इसी बीच उसे जोर से खांसी आने लगी। तुरंत ही उसे पानी पिलाया गया, लेकिन उसकी हालत बिगड़ते चली गई।
वह कुछ बोल ही नहीं पा रही थी, उसे सांस लेने में भी तकलीफ होने लगी। घर में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी के मौत के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया।
मेघा की अचानक मौत से हर कोई सदमें हैं. पुलिस मामले दुल्हन की मौत के बाद जांच में जुट गई है। मौके से नाश्ते के सैंपल भी लिए गए हैं। जिसे एसएफएल जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मेघा की पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।