छकियू ने पीएम और सीएम के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौपा

Posted On:- 2022-05-20



धमतरी (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ किसान यूनियन ने देश के प्रधानमंत्री और राज्य के मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन देकर छत्तीसगढ़ की धरोहर हसदेव अभ्यारण्य को कोयला खनन से बचाने की मांग की है।

किसान यूनियन का कहना है कि छत्तीसगढ़ राज्य का हसदेव अभ्यारण्य जो 70000 एकड़ में फैला हुआ है जहां विभिन्न प्रकार के जानवर पशु पक्षी जंगल जमीन विद्यमान है प्राकृतिक सुंदरता के साथ साथ 10000 आदिवासी परिवार निवास करते हैं। उस स्थान को कोयला खनन हेतु अडानी को दिया गया है। उक्त स्थान को कोयला खनन के लिए आवंटित करने से इसके अस्तित्व पर खतरा होगा। यह  किसी भी हालत में यहां के किसान होने नहीं देंगे। बड़ी संख्या में हाथी, शेर, भालू, हिरन एवं विभिन्न प्रकार के जानवर रहते हैं।

 जहां वन संपदा भरी पड़ी है। ऐसे ही स्थान को कोयला उत्खनन के लिए आवंटित करना गलत है क्योंकि इसी स्थान पर कोयला खनन होने से जल, जंगल, जमीन एवं जानवरों के अस्तित्व के साथ साथ 10,000 आदिवासी परिवारों के अस्तित्व पर संकट छा सकता है। इतना ही नहीं बल्कि पास में बागो बांध है जिससे कोरबा जिला में उद्योग संचालित है बल्कि जांजगीर-चांपा जिले की जीवनदायिनी नदी है। जिससे जिले के कृषक कृषि पर निर्भर अपनी आजीविका चलाते हैं।

इससे बागो बांधों के अस्तित्व पर संकट गहरा सकता है। हसदेव अभ्यारण्य को राज्य सरकार व केंद्र सरकार की मिलीभगत षड्यंत्र के तहत कोयला उत्खनन हेतु आवंटित किया गया है जो छत्तीसगढ़ के किसानों के हित में नहीं है। जिसका छत्तीसगढ़ किसान यूनियन निंदा करत है। केंद्र व राज्य सरकार से आग्रह करते हैं कि इस परियोजना को किसान हित में कोयला उत्खनन हेतु आवंटन को तत्काल रद्द किया जाए।