बैकुंठपुर (वीएनएस)। बॉलीवुड की प्रोड्यूसर-डायरेक्टर एकता कपूर की कंपनी बालाजी टेलीफिल्म मुंबई के खाते से 3.30 करोड़ उड़ने वाले गिरोह के 4 सदस्य को कोरिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिला प्रशासन के खाते से 1.29 करोड़ रुपए क्लोनिंग चेक से निकाल लिया था। इस गिरोह के 4 नए सदस्यों को पुलिस ने महाराष्ट्र व गुडग़ांव से गिरफ्तार किया है। इस मामले में कुल 11 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और 2 आरोपी की तलाश जारी है। वहीं 1 आरोपी मुंबई पुलिस के कब्जे से लाया जाना है। आरोपियों का गैंग इतना शातिर है कि कोई फर्जी चेक बनाता था तो कोई कंपनी या कार्यालय का सील व हस्ताक्षर तैयार करता था।
कोरिया एसपी पी. ठाकुर, एएसपी मधुलिका सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन कांफ्रेंस हाल में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि ओमप्रकाश, अनिल श्रीवास्तव, सचिन प्रकाश शिरोडकर, जयप्रकाश यादव, हिमांशु तनेजा, शुभम तनेजा, सैन्की उर्फ योगेश धरानी जाकिर शफी शेख फर्जी खाता धारक दीवान सिंह पारते और मुम्बई निवासी अतीश गायकवाड़, आदित्य नन्दु गायकवाड़, तुषार प्रकाश सालवे, अजमत ताज, नगमी परवीन, मो. आरिफ व मो. नईम मिलकर फर्जी चेक बनाकर पैसा निकालने का काम करते थे।
प्रकरण में ओमप्रकाश, सचिन तथा जयप्रकाश गूगल इंटरनेट सोशल मीडिया के माध्यम से देश के बड़े-बड़े फर्म, शासकीय कार्यालय का चेक निकालते थे। सचिन कम्प्यूटर में फर्जी चेक, फर्जी हस्ताक्षर एवं फर्जी सील तैयार करता था। चेक लगने वाले खातों की जानकारी ओमप्रकाश, जय प्रकाश निकालते थे।
चेक तैयार कर जाकिर सफी शेख मुम्बई के विभिन्न बैंक के ब्रांचों में रकम पता कर बैकों में चेक लगाता था। फर्जी चेक से पैसा हस्तांतरण करने के लिए हिमांशु, सैन्की, शुभम, दिवान सिंह पारते मिलकर गुडग़ांव में करीब दस-पन्द्रह अलग-अलग बैंकों में दिवान सिंह पारते के नाम से खाता खुलवाया था।
गुडग़ांव में ही अक्षर पवेलियिन सीएचएसएल नाम से एक पेंट का दुकान खोले और मुम्बई के अतीश, आदित्य तथा तुषार सालवे ने अतीश के नाम से खुला हुआ खाता को फर्जी चेक के पैसा आहरण करने के लिए उपयोग में लाने लगे थे। गिरोह ने लगभग 4-5 माह पहले सोशल मीडिया से बैकुंठपुर कलेक्टर कार्यालय का चेक निकाल लिया और उस चेक को कूटरचित चेक तैयार कर जाकिर शफी शेख क्लियर करने लगाने लगा।
इसका पैसा दिवान पारते के खाते तथा अक्षर पवेलियन दुकान फर्म के खाते एवं अंतिश मुम्बई वाले के खाते में हस्तांतरण कराते थे। फिर दूसरे खाते में हस्तांरित कर एटीएम तथा सामान खरीददारी के माध्यम से दिल्ली, गुडग़ांव तथा पटना से अजमत ताज, मो आरिफ , मो नईम तथा उसकी पत्नी नगमी परवीन निकालने लगे थे।
पैसा निकालकर आपस में हिस्सा बांट लेते थे। चार नए आरोपियों से पूछताछ कर मेमोरण्डम के आधार पर खाता, एटीएम, मोबाइल एवं राशि से खरीदी कार हॉण्डा सिटी एवं आई-20 कार एवं नकदी रकम 2 लाख 60 हजार रुपए सहित कुल जुमला लगभग 10 लाख रुपए जब्त किया गया हैं। प्रकरण का एक आरोपी सचिन प्रकाश शिरोडकर को मुम्बई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं 2 फरार आरोपियों की तलाश जारी है।