बीजापुर (वीएनएस)। प्रदेश में अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति वर्ग के व्यक्तियों को मात्रात्मक त्रृटि सुधार कर पहली बार बीजापुर के 3 छात्र-छात्राओं को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीजापुर प्रवास के दौरान तहसील भैरमगढ़ अंतर्गत ग्राम मिनगाचल निवासी अध्ययनरत छात्र-छात्राओं सुनील कंडिक, आशा कंडिक व निशा कंडिक को परधान जाति का जाति प्रमाण पत्र प्रदान किया। इन बच्चों के परिजनों के मिसल रिकार्ड में (प्रधान) जाति उल्लेखित था, जिसे अंग्रेजी में (परधान) अंकित कर जाति प्रमाण पत्र प्रदाय किया गया।
ज्ञातव्य है कि राज्य शासन की ओर से हाल ही में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के व्यक्तियों को मात्रात्मक त्रुटि के कारण जाति प्रमाण पत्र प्राप्त करने में हो रही कठिनाईयों को दूर करने के उद्देश्य से अंग्रेजी में अधिसूचित जाति को मान्य करने तथा जाति प्रमाण पत्रों में अंग्रेजी में ही अधिसूचित जाति का उल्लेख करने का निर्णय लिया गया है। जिससे अब मात्रात्मक त्रुटि सुधार के पश्चात अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों को जाति प्रमाण पत्र प्राप्त करनें में सहूलियत होगी और उक्त वर्गों के बच्चों को पढ़ाई करने सहित शासकीय सेवा और अन्य कार्यों के लिए आरक्षित वर्ग का समुचित फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री बघेल की ओर से जाति प्रमाण पत्र प्रदाय के दौरान आबकारी व उद्योग मंत्री तथा प्रभारी मंत्री जिला बीजापुर कवासी लखमा, सांसद बस्तर दीपक बैज, विधायक व उपाध्यक्ष बस्तर विकास प्राधिकरण विक्रम मंडावी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधी और मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, प्रभारी सचिव जिला बीजापुर यशवंत कुमार, कमिश्नर बस्तर श्याम धावड़े, आईजी सुंदरराज पी और कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा, पुलिस अधीक्षक ए वार्ष्णेय तथा जिला प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित थे।