बिलासपुर (वीएनएस)। शासकीय कार्यालयों में आज आतंकवाद विरोधी दिवस मनाया गया। अधिकारी एवं कमर्चारियों को इस अवसर पर आतंकवाद व हिंसा के खिलाफ लड़ने की शपथ दिलाई गई। उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की शहादत दिवस 21 मई को हर साल राष्ट्रीय आतंकवाद विरोध दिवस मनाया जाता है। लेकिन 21 मई के दिन कार्यालयों में अवकाश होने के कारण एक दिन पूर्व यह दिवस मनाया गया।
कमिश्नर कार्यालय में डिप्टी कमिश्नर अखिलेश साहू व जिला कार्यालय में कार्यालय अधीक्षक सीएस सिदार ने शपथ दिलाई। शपथ के अनुसार सभी प्रकार की हिंसा व आतंकवाद का डटकर विरोध करेंगे। हम मानव जाति के सभी वर्गों के बीच शांति, सामाजिक सद्भाव तथा सूझबूझ कायम करने और मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुंचाने वाली व विघटनकारी शक्तियों से लड़ने की शपथ उन्होंने ली है।