दंतेवाड़ा (वीएनएस)। जिले में क्षेत्र के विकास लिए नित नए प्रयास शासन-प्रशासन की ओर से किए जा रहे हैं। जिले में किसानों के हित के लिए जिला प्रशासन की ओर से महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर तेजी से कार्य किया गया है। कृषकों को सिंचाई सुविधा में विकास और विस्तार मिला है, प्रशासन के नवाचारी पहल से लघु सिंचाई योजनाएं, एनीकट, जलाशय परियोजना इस का सशक्त उदाहरण है, जहां बिना किसी ईंधन के उपयोग मात्र पानी की गतिज ऊर्जा से ही क्षेत्र के कृषकों के खेत तक सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिससे कृषकों के जीवन में खुशहाली साफ नजर आती है। जिले में कुल 28 लघु सिंचाई योजनाएं एवं 08 एनीकट निर्मित है। लघु सिंचाई योजनाओं में 13 जलाशय योजना 09 व्यपवर्तन योजना 06 उद्वहन सिंचाई योजनाए है। लघु सिंचाई योजनाओं से निर्मित सिंचाई क्षमता खरीफ 6581 हेक्टेयर व रबी 760 हेक्टेयर कुल 7341 हेक्टेयर एवं एनीकट से 932 हेक्टेयर खरीफ है।
विभागीय योजना मद से 05 नहर जीर्णोद्धार व लाइनिंग कार्य प्रगति पर है। जिसमें सृजित सिंचाई क्षमता व वास्तविक सिंचाई क्षमता के अंतर को कम किया जा सकेगा। अब तक पूर्ण किये नहर लाइनिंग कार्य से 2133 हेक्टेयर खरीफ 24 हेक्टेयर रबी कुल 2157 हेक्टेयर क्षेत्र में वास्तविक सिंचाई में वृद्धि हुआ है। कृषकों ने इस परियोजना के लिए राज्य शासन व जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों को सहृदय धन्यवाद दिया है।