नई दिल्ली (वीएनएस)। केन्द्रीय शिक्षा और कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आईआईटी, गुवाहाटी में नॉर्थ ईस्ट रिसर्च कॉन्क्लेव (एनईआरसी) 2022 का उद्घाटन किया। श्री प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि यह कॉन्क्लेव उद्योग जगत, शिक्षाविदों और नीति निर्माताओं के बीच के संबंधों को मजबूत करेगा और संसाधन संपन्न उत्तर पूर्वी क्षेत्र के राज्यों तथा देश में अनुसंधान, स्टार्ट-अप और उद्यमिता से जुड़े इकोसिस्टम को और सुदृढ़ करेगा।
अनुसंधान के महत्व पर चर्चा करते हुए, शिक्षा मंत्री ने कहा कि अनुसंधान का उद्देश्य देश की गंभीर समस्याओं का समाधान खोजना और सभी लोगों को एक साथ आने, एक साथ काम करने और सबसे कमजोर लोगों के कल्याण के लिए एक साथ उत्पादन करने के लिए प्रोत्साहित करना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि एनईआरसी 2022 भारत और दुनिया की अनुसंधान एवं विकास संबंधी प्राथमिकताओं को पूरा करने की दिशा में एक वैश्विक मानदंड साबित होगा। श्री प्रधान ने युवाओं और छात्रों से देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए ‘कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के पथ पर चलने’ की अपील की।
केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि अनुसंधान से जुड़े इकोसिस्टम को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर नवाचार को प्रोत्साहित करने और भारत को आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने के लिए सरकार एनईपी 2020 के सिफारिशों के अनुरूप 50,000 करोड़ रुपये के प्रस्तावित परिव्यय के साथ राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन स्थापित करने की प्रक्रिया में है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर पूर्वी क्षेत्र में अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने की अपार संभावनाएं हैं।