जल्द ही 579 दुकानों का होगा नियमितकरण
रायपुर (वीएनएस)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गोलबाजार के व्यापारियों के आग्रह पर शनिवार को बड़ा फैसला लेते हुए गोलबाजार मालिकाना हक योजना के तहत प्रस्तावित विकास प्रभार की राशि माफ किये जाने की घोषणा की। इससे व्यापारियों को 19 करोड़ 52 लाख रूपये का लाभ प्राप्त होगा। इसके साथ ही गोलबाजार मालिकाना हक योजना के अंतर्गत निर्मित संरचना को नियमितीकरण योजना के अंतर्गत लिये जाने की भी घोषणा मुख्यमंत्री ने की। इससे गोलबाजार के व्यापारियों को अनुमानित 25 करोड़ रूपये का लाभ प्राप्त होगा।
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 31 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर गोलबाजार के 579 व्यापारियों को यह बहुत बड़ा तोहफा है। महापौर एजाज ढेबर ने इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए निगम के सभी एमआईसी सदस्यों, जोन अध्यक्षों, पार्षदों, एल्डरमेन सहित व्यापारियों, निगम अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सभी राजधानीवासियों की ओर से गोलबाजार मालिकाना हक योजना के तहत व्यापारियों का विकास प्रभार की राशि को माफ करने एवं निर्मित संरचना को नियमितीकरण योजना के तहत लिये जाने की घोषणा करने पर मुख्यमंत्री बघेल को धन्यवाद दिया। महापौर ढेबर ने बताया कि इससे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की महत्वाकांक्षी योजना के रूप में कुल 1 लाख 53305 वर्गफीट भूमि में फैले हुए गोलबाजार के सभी सम्बंधित किरायेदार 579 व्यापारियों को दुकान का मालिकाना हक देने और उसको राजधानी का सबसे स्मार्ट बाजार बनाकर विकसित करने की योजना के शीघ्र क्रियान्वयन का मार्ग से प्रशस्त हो गया है। इन सभी 579 किरायदार दुकानदारों की दुकानों का नियमितीकरण की कार्रवाई शीघ्र करवाने के निर्देश मुख्यमंत्री बघेल ने अधिकारियों को दिये हैं। महापौर ढेबर ने कहा कि अगले एक सप्ताह में गोलबाजार के दुकानदारों का किरायेदार से सीधे मालिक बनाने की प्रक्रिया प्रारम्भ हो जायेगी एवं अगले एक माह में प्राथमिकता से व्यापारियों के नाम की रजिस्ट्री का कार्य भी पूर्ण कर लिया जायेगा।