फरीदाबाद (वीएनएस)। हरियाणा के फरीदाबाद में एक बैटरी बनाने वाली कंपनी में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 3 कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई है। जैसे ही आग लगी अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस अधिकारियों को दी गई। मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंची और किसी तरह आग को बुझाया।
फायर ऑफिसर के अनुसार, आग बुझ गई है और प्रथम मंजिल के बाथरूम से तीन लोगों के शव निकाले गए हैं। फैक्ट्री में फायर फाइटिंग का कोई इंतजाम नहीं था, बहरहाल फायर एक्ट के तहत अब कार्रवाई की जाएगी।
बता दें इन दिनों लगातार देश के अलग-अलग राज्यों से आग लगने की घटनाएं सामने आ रही है। हाल ही में दिल्ली के मुंडका में एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 27 लोगों की मृत्यु हो गई थी जबकि कई लोग घायल हो गए थे। इतना ही नहीं, हादसे के बाद से कई लोग लापता है। देर रात तक एनडीआरएफ और दिल्ली फायर सर्विस की टीम आग बुझाने में लगी रही थी।