नारायणपुर (वीएनएस)। कलेक्टर रघुवंशी ने आज धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र मढ़ोनार पहुंचकर राज्य शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान उन्होंने मढ़ोनार में संचालित उचित मूल्य की दुकान का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर उचित मूल्य दुकान संचालक से चावल, नमक, मिट्टी तेल, शक्कर, गुड़ और चना के स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को वितरित की जा रही मात्रा के बारे में भी पूछा। कलेक्टर व सीईओ देवेश ध्रुव ने उचित मूल्य दुकान में उपलब्ध चांवल की गुणवत्ता देखी। उन्होंने दुकान संचालक को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को निर्धारित मात्रा में राशन का वितरण करें और ग्रामीणों को फोर्टीफाईड चांवल की गुणवत्ता के बारे में जागरूक करें। इस दौरान कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी को मढोनार में स्वास्थ्य केन्द्र में आवश्यक मरम्मत एवं रंग-रोगन करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने ग्रामीणों से चर्चा की और गांव के विकास के लिए सुझाव मांगे। कलेक्टर ने ग्रामीणों से राशन की उपलब्धता, आंगनबाड़ी में बच्चों व माताओं को मिलने वाले गर्म भोजन सहित अन्य विषयों की जानकारी ली। उन्होंने मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से आंगनबाड़ी केन्द्र में आने वाले बच्चों, गर्भवती माताओं एवं उन्हें दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी पूछा। उन्होंने मढ़ोनार में निर्माणाधीन मिनी आंगनबाड़ी भवन को शीघ्र पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। कलेक्टर ने छोटेडोंगर से मढ़ोनार तक बन रही सड़क निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये।