बड़ी खबर : व्यापारी से 50 लाख की लूट, 8 गिरफ्तार 3 फरार...

Posted On:- 2022-05-21



नकदी चुरवाले वेक 2 भी पकड़ाए

रायपुर (वीएनएस)। रायपुर की माना पुलिस ने व्यापारी से मारपीट कर लाखों नकदी की डकैती करने वाले 11 में से 08 आरोपी/अपचारी और एटीएम कार्ड से नकदी रकम चोरी करने वाले 2 सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। माना कैम्प थाना क्षेत्र में व्यापारी से हुए 50 लाख रूपये, कागजात, बिल और चेक इत्यादि की डकैती के मामले में जांच के दौरान डकैतों से जुडी अहम जानकारी मिली। जानकारी के बाद पुलिस की टीम को डकैती टीम में  देवेन्द्र धृतलहरे और अजय उर्फ अज्जू के शामिल होने की जानकारी मिली।

जांच के दौरान ही केन्द्री और अभनपुर के कुछ युवकोें की घटना में शामिल होने की भी जानकारी मिली, जिसके बाद अभनपुर निवासी शिव कुमार कोसले का नाम प्रमुख से होना पाया गया। जिस पर टीम के सदस्यों ने शिव कुमार कोसले की पतासाजी कर पकड़ा। शिव कुमार कोसले से घटना के संबंध में पूछताछ करने पर किसी भी प्रकार से घटना में अपनी संलिप्तता नहीं होना बताकर लगातार टीम को गुमराह करने का प्रयास किया गया। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर शिव कुमार कोसले ने घटना में अपनी संलिप्तता होना बताने के साथ ही उक्त घटना को अन्य आरोपियों के साथ मिलकर कारित करना स्वीकार किया। टीम के सदस्यों ने घटना में संलिप्त आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत 2 बालक को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी शिव कुमार कोसले ने बताया कि पूरे घटना का मास्टर माइंड देवेन्द्र धृतलहरे एवं अजय उर्फ अज्जू है जो पूर्व में डूमरतराई थोक बाजार में हमाली का काम कर चुके थे। प्रतिदिन शाम के समय में अपने बैग में रखकर नगदी रकम को लाने ले जाने का काम करते हैं, की जानकारी थी। इसी बात को ध्यान में रखते हुए देवेन्द्र धृतलहरे एवं अजय उर्फ अज्जू और नकदी रकम लूट करने की योजना बनाई गई। योजना के अनुसार घटना के लगभग 10 दिन पूर्व देवेन्द्र धृतलहरे और शिव कोसले को दोपहर फोन कर शाम को माना तूता रोड़ स्थित मनोपचार केन्द्र के पास जंगल में मुलाकात करने के लिए कहा। तीनों मिले और पैसों की आवश्यकता के लिये घटना को अंजाम देने की योजना बनाई। आरोपी देवेन्द्र धृतलहरे और अजय उर्फ अज्जू ने आरोपी शिव कुमार कोसले को इस कार्य के लिए अपने अन्य साथियों को साथ में लाने कहा। इसके बाद कई बार देवेन्द्र धृतलहरे और शिव कुमार कोसले की इस संबंध में बात मोबाईल फोन पर होती रही।

योजना के अनुसार घटना को शाम 07ः00 बजे 05 अलग-अलग मोटर साइकिल में कुल 11 आरोपी सवार होकर डूमरतराई थोक बाजार के आसपास कुछ-कुछ दूरी में रूक कर पीड़ित के बाहर आने का इंतजार कर रहे थे। देवेन्द्र धृतलहरे और अजय उर्फ अज्जू एक मोटर साइकिल में सवार होकर लीड कर रहे थे, सभी आरोपी डण्डे से लैस थे, इसी दौरान रात्रि में बैग में रकम व अन्य कागजात लेकर अपने घर जाने के लिए निकले पीड़ित को मोटर साइकिल से पीछा करते हुए आ रहे थी व कुछ लोग घटना स्थल के पास खड़े थे।

इसी दौरान करीबन 08ः30 बजे डूमरतराई थोक बाजार स्थित अपने दुकान/ऑफिस से घर जाने के लिए निकला, तभी आरोपियों ने अपने मोटर साइकिल से पीछा किया और आसपास मोटर साइकिल को चलाते हुए उसके वाहन को धक्का मारकर गिराने का प्रयास किया, जिसमें आरोपी असफल रहे।

लूट के दौरान आरोपियों का ए.टी.एम. कार्ड और बैंक पास बुक भी लूट कर ले गए थे, कि घटना में संलिप्त आरोपी शिव कुमार कोसले पीड़ित के ए.टी.एम. कार्ड को शशिकांत और बनवारी को घटना की जानकारी देकर रकम निकालने के लिए अपने साथ ले गया था, तीनों पीड़ित के ए.टी.एम. कार्ड के माध्यम से उसके बैंक खाते से केन्द्री और कुरूद स्थित ए.टी.एम. बूथ से स्वयं की पहचान छिपाते हुए अपने चेहरे को कपड़े से ढ़क कर बड़े ही शातिर तरीके से नगदी रकम 40,000/- रूपये निकाल कर चोरी कर लिये थे।

अपराधियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर कब्जे से लूट की नकदी रकम 7 लाख 95 हजार 400 रूपये, ए.टी.एम.कार्ड, बैंक पास बुक, घटना में प्रयुक्त 05 नग मोबाईल फोन और 05 नग मोटर सायकल जप्त कर अग्रिम कार्रवाई की गई। घटना में संलिप्त आरोपी देवेन्द्र धृतलहरे, अजय उर्फ अज्जू और तिलक फरार है जिनकी पतासाजी कर गिरफ्तार करने के हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपियों/अपचारियों से पूछताछ पर आरोपियों के द्वारा डकैती की रकम का 15 से 20 लाख रूपये होना बताया गया है, जबकि प्रथम सूचना पत्र में 50 लाख रूपये की डकैती होना लेख कराया गया है। इस संबंध में प्रकरण के फरार आरोपियों के गिरफ्तारी पश्चात स्थिति स्पष्ट होगी।

पुलिस ने मामले में शिव कुमार कोसले, मनीष यादव, टिकेश चतुर्वेदी, सूरज महेश्वर, नरेन्द्र बंजारे, अगम दास कोसले और 2 नाबालिग बालक सहित शशिकांत चतुर्वेदी व बनवारी यादव को गिरफ्तार किया गया है। मामले में देवेन्द्र धृतलहरे, अजय उर्फ अज्जू और तिलक फरार हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।