सफलता की कहानी : प्रवेश और निकास द्वार के साथ बारसूर में बना राज्य का पहला मॉडल हाट बाजार

Posted On:- 2022-05-21



दंतेवाड़ा (वीएनएस)। राज्य का पहला एन्ट्री-एक्जिट द्वार वाला मॉडल हाट बाजार जिले के गीदम विकासखंड अंतर्गत बारसूर में निर्माण किया गया है। बस्तर क्षेत्र में हाट बाजार का अपना एक अलग ही महत्व है। हाट बाजार ग्रामीण अर्थव्यवस्था की जीवन रेखा समझी जाती है। जिला प्रशासन की पहल से ग्रामीणों को सर्व सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मॉडल हाट बाजार का निर्माण किया गया है। पहला मॉडल हाट बाजार जहां पर लोगो को सभी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। बाजार स्थल के चारों तरफ बाउंड्रीवाल से घिराव किया गया है। पहली बार हाट बाजार में एन्ट्री और एक्जिट के लिए सुनियोजित द्वार बनाए गए है जहां ग्रामीणों या व्यापारियों की ओर से लाए गए माल या उत्पाद का वजन किया जा रहा है। जिससे ग्रामीण निर्धारित कीमत पर सामान का विक्रय कर सकें, साथ ही एक्जिट द्वार पर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उन्हें उनके समानों का उचित मूल्य प्राप्त हुआ है या नहीं। मॉडल हाट बाजार होने से छोटे व्यापारियों के लिए वजन मशीन के द्वारा लाये गये सामानों का वजन कर स्थानीय बोली में बताया जाता है। बाजार में ही खाद्य सामग्री को सुरक्षित रखने हेतु ड्रई व कोल्ड स्टोरेज की सुविधा दी गई है, ताकि विक्री के बाद बचे हुए उपज को अगले बाजार तक सुरक्षित रखा जा सके। बारसूर हाट बाजार में शेड व चबुतरे बनने से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर सुव्यवस्थित योजनाबद्ध तरीके से अपने द्वारा लाये गये सब्जी और अन्य सामाग्रियों का क्रय एवं विक्रय करने में सुविधा हो रही है। वहीं बाजार स्थल पर पेयजल केलिए टंकी, विद्युत, महिला एवं पुरूषों के लिए शौचालय व्यवस्था की गई है, साथ ही वनधन केन्द्र की व्यवस्था की सुविधा होने से आम नागरिकों को कापी सुविधा मिल रहा है। मॉडल हाट बाजार से लगभग 200 व्यापारियों को लाभ मिल रहा है। हाट बाजार स्थल में ही मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना का संचालन किया जा रहा है। सप्ताहिक बाजार में दैनिक जरूरतों की चीजें खरीदने बाजार आते हैं, इसी दौरान बाजार में चलित अस्पताल से इलाज में सुविधा मिल रही है।