भिलाई (वीएनएस)। छावनी थाने में पदस्थ एएसआई फारूख शेख जो पिछले कई दिनों से लाईन अटैच थे, ने शनिवार सुबह पॉवर हाउस के एक लॉज में फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। ज्ञातव्य हो कि मदर्स डे के दिन इस एसआईआई ने बाईक सवार चार लडकों को अपनी कार से ठोकर मार दी थी, जिसके कारण इन्हें लाईन अटैच कर दिया गया था। एएसआई फारूख के आत्महत्या का प्रमुख कारण नही पता चल पाया है। हालांकि मिली जानकारी के अनुसार आत्महत्या के कई कारण है, एक तो पारिवारिक कलह, दूसरा लाईन अटैच भी कारण है।
एएसपी सिटी संजय ध्रुव के अनुसार एएसआई फारूक शेख छावनी थाने में पदस्थ था। वह दुर्ग पुलिस लाइन में अपने परिवार के साथ रहता था। फारूक कुछ दिन से मानसिक रूप से काफी परेशान रहता था। वह अक्सर सुविधा लॉज में रुकता था और घर भी नहीं जाता था। वह पिछले तीन चार दिनों से सुविधा लाज में ही रह रहा था। शनिवार सुबह सुबह छावनी पुलिस को सूचना मिली की उसने लॉज के कमरे में फांसी लगा ली है। पुलिस मौके पर पहुंची पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया है। जांच के दौरान घटना स्थल से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।