परीक्षार्थियों का इंजीनियरिंग में रुझान कम हो रहा

Posted On:- 2022-05-22



धमतरी (वीएनएस)। इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अब विद्यार्थियों का रुझान धीरे-धीरे कम होने लगा है। जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण है कि एक समय में धमतरी जिले में 6-7 सेंटरों में 1500 से ज्यादा विद्यार्थी परीक्षा दिलाते थे जो आज घटकर सिर्फ 3 सेंटरों में 800 के करीब हो गया है। रविवार को प्री इंजीनियरिंग टेस्ट और प्री फार्मा टेस्ट की परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। प्रथम पाली में सुबह 9 से 12:15 बजे तक पीईटी की परीक्षा आयोजित की गई।

धमतरी में 3 केंद्र गल्र्स कॉलेज, गल्र्स स्कूल और बालक स्कूल को बनाया गया। जिसमें 860 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 602 विद्यार्थी ही परीक्षा देने पहुंचे। विद्यार्थियों की रुचि इंजीनियरिंग के क्षेत्र में लगातार कम हो रही है। इसकी एक वजह है कि लोगों के मन में यह है कि इंजीनियरिंग के क्षेत्र में रोजगार के अवसर कम हो चुके हैं। राज्य में इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या भी कम हो रही है।

यही गल्र्स स्कूल की प्राचार्य बी मैथ्यू ने बताया कि विद्यार्थियों को यह लगता है कि अब इंजीनियरिंग के क्षेत्र में रोजगार,नौकरियां नहीं मिलती है। इस वजह से छात्र भी नहीं करना चाहते हैं। दूसरी वजह पालक भी इंजीनियरिंग के बाद नौकरी के लिए दूसरे राज्य नहीं भेजना चाहते हैं। राज्य में इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों के लिए नौकरियां कम है और यहां कंपनियां भी कम है।अन्य राज्यों में यदि वे जाते हैं तो कंपनियां भी उनको मिल सकती है।

रोजगार की संभावनाएं कम होने लगी

शिक्षाविद डॉ चंद्रशेखर चौबे ने बताया कि इंजीनियरिंग में परीक्षार्थियों की संख्या कम होने के दो तीन मुख्य कारण है जिसमें पहला कारण जॉब की संभावना अब कम होने लगी है। विशेष ब्रांच को छोडक़र सामान्य ब्रांच की डिमांड नहीं है, क्योंकि हर व्यक्ति इंजीनियरिंग नौकरी के लिए करता है और उस अनुपात में इस क्षेत्र में नौकरियां नहीं है। दूसरी बात अब मनपसंद कालेजों में प्रवेश आसानी से मिल जाता है तो परीक्षार्थी पीईटी देना पसंद नहीं करता है। अलग-अलग दौर में ब्रांच की डिमांड रहती है अभी फिर से कंप्यूटर और आईटी के डिमांड आ चुकी है। कुछ ऐसे ब्रांच है जिनकी डिमांड ही नहीं रहती है। इस वजह से विद्यार्थी इस इंजीनियरिंग में नहीं जाना चाहते हैं। मूल रूप से यह कहा जाए कि इंजीनियरिंग करने के बाद योग्यता अनुसार नौकरी उन्हें प्राप्त नहीं होती है। तीसरा सबसे बड़ा कारण यह देखा जा रहा है कि प्रशासनिक क्षेत्रों में विद्यार्थियों का रुझान बढऩे लगा है। पटवारी, तहसीलदार या अन्य ऐसे पद हैं जिनमें परीक्षार्थियों की संख्या निरंतर बढ़ रही है और वे इसे सामान्य डिग्री लेकर भी करना चाहते हैं।

दो पालियों में परीक्षा आयोजित

व्यापम जिला समन्वयक डॉ श्रीदेवी चौबे ने बताया कि रविवार को हुए परीक्षा में 258 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। 602 ने परीक्षा दी है। दूसरे पाली में चार केंद्रों में परीक्षा आयोजित की गई है जिसमें 1404 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।