बाल संप्रेक्षण गृह संचालन में लापरवाही बरतने पर अधीक्षक को निलंबित करें : कलेक्टर

Posted On:- 2022-05-22



कोरबा (वीएनएस)। महिला व बाल विकास विभाग की ओर से संचालित शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह(बालक) रिस्दी चौक कोरबा के संचालन में लापरवाही बरतने के कारण संप्रेक्षण गृह के अधीक्षक विकास सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर रानू साहू ने बाल गृह संचालन के देखरेख और सुरक्षा में लापरवाही बरते जाने के कारण अधीक्षक को निलंबित करने के निर्देश कार्यक्रम अधिकारी महिला व बाल विकास विभाग को दिए हैं। अधीक्षक की ओर से बच्चों के देखरेख और सुरक्षा में चूक के कारण आज सुबह बालगृह से 2 बच्चे भाग गए थे। बच्चों का बाल गृह से भागना अधीक्षक की शासकीय दायित्वों के प्रति लापरवाही दर्शाता है। महिला बाल विकास विभाग कार्यक्रम अधिकारी एमडी नायक ने बताया कि उक्त बाल गृह में कुल 41 विधि से संघर्षरत किशोर निवासरत है। जिनमे से दो बच्चे आज सुबह 7:30 बजे दीवाल को फांद कर भाग गये। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिसमें से एक बच्चे की बरामदगी कर लिया गया है तथा दूसरे बच्चे की खोजबीन जारी है। अत: देखरेख एवं सुरक्षा चूक की वजह से दोनो बच्चे भागे। इस मामले में संप्रेक्षण गृह के संचालन में गंभीर लापरवाही बरतने के कारण कलेक्टर ने प्रभारी अधीक्षक बाल संप्रेक्षण गृह को निलंबित करने के निर्देश दिये हैं।