मुख्यमंत्री अर्जुंदा महाविद्यालय का नाम शहीद दुर्वासा निषाद के नाम पर किए जाने की घोषणा

Posted On:- 2022-05-22



ग्राम घोटिया में मंगल भवन और महाविद्यालय की घोषणा

बालोद (वीएनएस)। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज बालोद जिले के डौण्डी विकासखंड के ग्राम घोटिया में आयोजित निषाद(केंवट) समाज के वार्षिक अधिवेशन में शामिल हुए। निषाद समाज की ओर से मुख्यमंत्री का फूलमालाओं से उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल ने अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि निषाद समाज मेहनतकश समाज है। हर युग में निषाद समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार समाज के सर्वांगीण विकास में साथ है। मुख्यमंत्री बघेल ने डौण्डीलोहारा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अनिला भेंडिया की मॉग पर घोटिया में मंगल भवन और महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। इसी प्रकार गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुंवर सिंह निषाद की मॉग पर अर्जुन्दा महाविद्यालय का नामकरण शहीद दुर्वासा निषाद के नाम पर किए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री बघेल ने अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार समाज के हर वर्ग के आर्थिक स्तर को उपर उठाने संकल्पित है। राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के लोगों की स्वाभिमान बढ़ाने का कार्य कर रही है। यहॉ कि संस्कृति को पुनर्जीवित कर लोगों के स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के लिए बेहतर उपाय कर रही हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ निषाद समाज के इष्टदेव भक्तगुहा निषाद व राम चन्द्र की पूजा अचर्ना के साथ हुई। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में भक्तगुहा निषाद का जिक्र करते हुए कहा कि भक्तगुहा निषाद सौम्य और सरल स्वभाव के कारण भगवान के हृदय में वास करते थे और यही कारण है कि निषाद समाज को भगवान राम ने अपने हृदय में स्थान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन निषाद समाज के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। शिक्षा, रोजगार से लेकर समाज के परंपरागत मत्स्य व्यवसाय के लिए शून्य प्रतिशत में ऋण मत्स्य विभाग के द्वारा मुहैया करा रही है। साथ ही किसानों की भांति बिजली की सुविधाएॅ भी मुहैया करा रही है। डौण्डीलोहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अनिला भेंडिया ने अपने उद्बोधन में निषाद समाज को शासन की योजनाओं से लाभान्वित होने आगे आने का आव्हान किया। गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुंवर सिंह निषाद ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री को मत्स्य पालन को कृषि का दर्जा दिए जाने के लिए और समाज के लोगों के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। अधिवेशन को मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष एम.आर. निषाद ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने शहीद दुर्वासा निषाद और शहीद नारद निषाद के परिजनों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री उमेश पटेल, संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष सोनादेवी देशलहरा सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, निषाद समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, गणमान्य नागरिकगण, कलेक्टर जनमेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक गोवर्धन राम ठाकुर और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।