एशिया कप पुरुष हॉकी चैंपियनशिप में भारत और पाक आमने-सामने होंगे

Posted On:- 2022-05-23



नई दिल्ली (वीएनएस)। इंडोनेशिया के जकार्ता में एशिया कप पुरुष हॉकी चैंपियनशिप में आज चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। मैच भारतीय समयानुसार शाम पांच बजे से शुरू होगा। मौजूदा चैंपियन भारत को पाकिस्तान, जापान और मेजबान इंडोनेशिया के साथ पूल-ए में रखा गया है। भारत का अगला मुकाबला कल जापान से होगा। इसके बाद 26 मई को भारत और मेजबान इंडोनेशिया आमने-सामने होंगे। भारत और पाकिस्तान दोनों ने ही यह टूर्नामेंट तीन-तीन बार जीता है, जबकि दक्षिण कोरिया ने सर्वाधिक चार बार इस खिताब पर कब्जा किया है। पिछली बार ढाका में फाइनल में भारत ने मलेशिया को 2-1 से हरा कर विश्वकप के लिए भी क्वालीफाई किया था। टूर्नामेंट की शीर्ष तीन टीमें भुवनेश्वर और राउरकेला में अगले वर्ष होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी। एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट दो वर्ष बाद हो रहा है। पिछले वर्ष कोविड महामारी के कारण टूर्नामेंट टाल दिया गया था।