नारायणपुर (वीएनएस)। शासन की मंशानुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तर पर कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी द्वारा कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में जनदर्शन का आयोजन हुआ, जिसमें जिले के अंदरूनी गांवों से आये ग्रामीणों ने अपनी मांग एवं समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। प्राप्त आवेदनों में मुख्यत: भुगतान, अनुकंपा नियुक्ति, आदिवासी भूमि पर गैर आदिवासी का कब्जा, टैंकर राशि का भुगतान, पुलिया निर्माण, सड़क निर्माण, हैंडपंप खनन, टावर आदि शामिल है। कलेक्टर रघुवंशी ने इन प्रकरणों पर संवेदनशीलता और गंभीरता से विचार करते हुए इनके निराकरण के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिये।
जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों में भोंदूराम ने भुगतान में विलंब होने के संबंध में, ममता सिन्हा ने अनुदान प्राप्त अशासकीय संस्था में अनुकंपा नियुक्ति केलए, झुनकी नाग ने आदिवासी की जमीन पर गैर आदिवासी कब्जाधारी पर कार्यवाही व हटाने, किशन कुमार ने टेंकर की राशि दिलाने, समस्त ग्रामवासी नयानार ने नयानार में सड़क व पुलिया निर्माण, समस्त ग्रामवासी पातुरबेड़ा ने हैंडपंप खनन, तरूण देवांगन और रामनाथ पटेल ने मोबाईल टावर के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।